उरई। नगर पालिका के नये अध्यक्ष और सदस्यों का पूर्व निर्धारित शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को पूर्वान्ह 11 बजे से डीएवी इंटर कालेज के खुले मैदान में संपन्न कराया गया। उप जिलाधिकारी सदर अक्षय कुमार त्रिपाठी ने पहले अध्यक्ष अनिल बहुगुणा को शपथ दिलाई। बाद में बहुगुणा ने सदस्यों की शपथ कराई। पालिका के 34 निर्वाचित सदस्यों में से 14 शपथ ग्रहण समारोह में अनुपस्थित रहे। हालांकि पहले से किसी खेमे ने शपथ ग्रहण समारोह के बहिष्कार का कोई एलान नही किया था। अनुपस्थित सदस्यों में अधिकांशतः सपा, बसपा व कांग्रेस और निर्दलीय थे। इतनी बड़ी संख्या में सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह से दूर रहने को देखते हुए बहुगुणा के लिए नगर पालिका में चुनौतीपूर्ण स्थिति रहने का अंदाजा लगाया जा रहा है।

स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में जीते अनिल बहुगुणा ने अपने समर्थकों के जोश-खरोश को देखते हुए पहली बार शपथ ग्रहण समारोह नगर पालिका भवन की बजाय डीएवी इंटर कालेज के खुले मैदान में आयोजित कराया था। हालांकि बहुगुणा यह भी साफ कर चुके हैं कि पार्टी के फैसले के खिलाफ चुनाव लड़ने के बावजूद भाजपा ने उन पर कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नही की है और खुद उन्होंने भी भाजपा से अपना रिश्ता खत्म नही किया है। उन्होंने भाजपा के ही अंग के रूप में कार्य करने की इच्छा शपथ ग्रहण समारोह के पहले आयोजित पत्रकार वार्ता में जताई थी। सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने आज उनके शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित रहकर इस संबंध में भाजपा की भी प्रतिक्रिया सकारात्मक दिखाने का प्रयास किया है।

शपथ ग्रहण समारोह का संचालन अधिशाषी अधिकारी रविंद्र कुमार ने किया। विधायक गौरी शंकर वर्मा ने नगर के सर्वांगीण विकास के लिए लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं का बहुगुणा का सहयोग करने की अपील की। बहुगुणा ने अपने भाषण में कहा कि वे सभी को साथ लेकर नगर की समस्याओं के समाधान और विकास का प्रयास करगें। अभी भी वे प्रत्येक वार्ड में लोगों का आभार जताने के लिए भ्रमण कर रहे हैं। अभी पांच वार्डों में उनका भ्रमण हो चुका है। कुछ ही दिनों में वे सभी वार्डों का भ्रमण कर लेगें। इसके बाद रोजाना 11 बजे सुबह से शाम 5 बजे तक लोगों की समस्यायें सुनने के लिए पालिका कार्यालय में उपलब्ध रहेगें। पालिका कार्यालय में शिकायत और सुझाव के लिए दो अलग-अलग पेटियां लगाई जायेगीं। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य जोर शहर की सफाई व्यवस्था पर होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भ्रष्टाचार मुक्त विकास के मामले में वे उरई नगर पालिका को माडल बनाकर दिखायेगें।

शपथ ग्रहण समारोह में डाॅ. दिलीप सेठ, राधेलाल गुप्ता, लाल सिंह चैहान, मैकेनिक संघ के पूर्व अध्यक्ष हलीम मिस्त्री, सुप्रसिद्ध समाजसेवी युसुफ अंसारी के अलावा पालिकाध्यक्ष का निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले लक्ष्मण दास शिवहरे भी उपस्थित रहे।

Leave a comment