कोंच-उरई । रोगी कल्याण समिति की बैठक के दौरान एसडीएम सुरेश सोनी ने अस्पताल प्रशासन को कड़े निर्देश दिये कि परिसर में साफ सफाई पर खास ध्यान देने की जरूरत है। इसके अलावा मरीजों और उनके साथ आने बाले उनके तीमारदारों के लिये स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना भी अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोंच में गुरुवार को रोगी कल्याण समिति की बैठक एसडीएम सुरेश सोनी की अध्यक्षता में संपन्न हुई जिसमें एसडीएम ने विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर बारीकी से पड़ताल करने के बाद कहा कि शासन द्वारा रोगियों के कल्याण को ध्यान में रख कर ही इस समिति का गठन किया गया है ताकि समय समय पर व्यवस्थाओं की मॉनीटरिंग होती रहे और जहां भी कमी दिखाई दे उसे दुरुस्त किया जाये। उन्होंने अस्पताल के समुचित रख रखाव के लिये अस्पताल प्रशासन के पेंच कसे। विद्युत व्यवस्था को लेकर उन्होंने दो टूक कहा कि पूरे अस्पताल में पर्याप्त रोशनी व्यवस्था हो और यदि कहीं बल्व आदि फ्यूज हैं तो उन्हें तत्काल बदला जाये। प्रधानमंत्री मोदी और सीएम योगी के स्वच्छ भारत मिशन में कोताही कतई न बरती जाये और पूरे अस्पताल परिसर में साफ सफाई पर खास ध्यान दिया जाये। समय समय पर पेयजल टंकी की सफाई भी होती रहनी चाहिये। इस दौरान सीएचसी प्रभारी डॉ. आरके शुक्ला, सीडीपीओ वंदना वर्मा, एडीओ पंचायत नरेश दुवे, समाज कल्याण से वीरेन्द्रसिंह, समिति के सदस्य केशव बबेले, राघवेन्द्र तिवारी आदि मौजूद रहे।

 

Leave a comment