कोंच-उरई । कल खनन को लेकर फतेहपुर जनपद में अधिकारियों के खिलाफ हुई बड़ी कार्यवाही की धमक यहां भी साफ महसूस की जा रही है। यहां भी अधिकारी जहां चौकन्ना हुये हैं वहीं खनन माफियाओं की धड़कनें बढ गई हैं। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि कोंच इलाके में खनन का कोई मामला संज्ञान में नहीं आया है फिर भी वह इस तरह की घटनाओं पर नजरें गड़ाये हैं और रात में चेकिंग करेंगे। गौरतलब है कि खनन को लेकर शासन काफी सख्ती बरत रहा है लेकिन चोरी छिपे बालू और मिट्टी के खनन की खबरें यहां भी आम हैं। रात में पिंडारी, नदीगांव, जालौन रोड आदि जगहों पर रात होते ही खनन कार्य से जुड़े लोगों सक्रिय दिखने लगते हैं। कल जनपद फतेहपुर में खनन को लेकर एसडीएम, सीओ और खनन अधिकारियों पर हुई बड़ी कार्यवाही का असर यहां भी साफ देखा जा रहा है। खनन माफिया जहां भूमिगत हाते दिख रहे हैं वहीं अधिकारी भी चौकन्ने हो गये हैं। एसडीएम सुरेश सोनी से जब इस बाबत पूछा गया तो उन्होंने कहा कि फिलहाल उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं आया है लेकिन यह भी सुनिश्चित करेंगे कि यहां खनन की घटनायें न होने पायें, इसके लिये वह रात में चेकिंग करेंगे और यदि कोई पकड़ में आता है तो उसके खिलाफ कार्यवाही की जायेगी।

Leave a comment