उरई। ठेका कर्मचारियों के भुगतान में घोटाले का आरोप एक बार फिर राजकीय मेडिकल कालेज के गलियारों में गूंजा है। पूर्व में कालेज के लिए जिस निजी सुरक्षा एजेंसी को अनुबंधित किया गया था उसके गार्ड और सुपरवाइजरों ने आरोप लगाया है कि उनके भुगतान में कालेज के प्राचार्य प्रति कर्मचारी बड़ा कमीशन लेते थे। इस शोषण के खिलाफ जब उन लोगों ने आवाज उठाई तो उनकी कंपनी को मेडिकल कालेज से हटा दिया गया।
राजकीय मेडिकल कालेज में 2013-14 से सुरक्षा के लिए हर्ष इंटरप्राइजेज से गार्डों की तैनाती का अनुबंध था। हाल में प्राचार्य ने हर्ष का अनुबंध समाप्त कर पूर्व सैनिक कल्याण निगम से सुरक्षा गार्ड के लिए नया अनुबंध कर लिया है। इसके बाद सड़कों पर आये हर्ष इंटरप्राइजेज से जुडे गार्ड आंदोलित हो गये हैं। शुक्रवार को उन्होंने कथित तौर पर इस मामले में मेडिकल कालेज के प्राचार्य की पोल खोली। उनका कहना है कि मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. आरके सिंह उन्हें 12 घंटे की डयूटी के बदले केवल पांच हजार रुपये का भुगतान देते थे। क्योंकि प्रत्येक गार्ड से उसके वास्तविक भुगतान का बड़ा हिस्सा प्राचार्य द्वारा अपने कमीशन के बतौर काटा जा रहा था। इसी बीच उनका चार माह का भुगतान बकाया हो गया। तो सितम्बर 2017 में उन्हें उच्चाधिकारियों का ध्यानाकर्षित करने के लिए आंदोलन की राह पर उतरना पड़ा।
इससे प्राचार्य डा. आरके सिंह भड़क गये और उन्होंने हर्ष इंटर प्राइजेज के माध्यम से डयूटी कर रहे 40 सुरक्षा कर्मियों के परिवारो को भुखमरी के मुंह में ढकेलने का बीड़ा उठाया। इसके तहत उनके द्वारा उच्चाधिकारियों को भेजी गई साजिशन रिपोर्ट के चलते हर्ष इंटर प्राइजेज से मेडिकल कालेज ने अपना अनुबंध तोड़ लिया और पूर्व सैनिक कल्याण निगम के माध्यम से गार्ड रख लिए गये। जिनको 18 हजार रुपये से 23 हजार रुपये मेहनताना देय है। इसमें मेडिकल कालेज के प्राचार्य ने अपने कमीशन की मोटी व्यवस्था कर रखी है।
प्राचार्य के इस कदम को शोषण और जुल्म की संज्ञा देते हुए पूर्व गार्डों ने उनके रिकार्डों की जांच, पूर्व गार्डों के बकाया वर्तमान व पूर्व भुगतान निर्गत कराने और पीएफ के अबिलंब भुगतान तथा उनकी सेवाएं पुनः लेने हेतु आदेश के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने वालें गार्डों में राघवेंद्र सिंह कुशवाहा, उदय भान सिंह, सुरेश तिवारी, मनोज तिवारी, महेंद्र बाबू मिस्त्री, सभा सिंह, राजकिशोर, मनोज कुमार, मो. यूनुस खान, राहुल दुबे, सुरेश कुमार आदि शामिल रहे।

Leave a comment