उरई। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी पर शहजोरी दिखाकर गांव के ही दबंग ने उसका निर्माण बंद करा दिया। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
तहसील माधौगढ़ और थाना रामपुरा के ग्राम टीहर की निवासी देवेंद्री पत्नी बुद्धसिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत इस वित्तीय वर्ष में उसे गृह निर्माण हेतु 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है। जिसमें से 40 हजार रुपये की मिली प्रथम किस्त के उपयोग के लिए उसने निर्धारित जगह पर नीव भरवानी शुरू की तो गांव के ही ओमकार ने उसे आतंकित करके जबर्दस्ती काम बंद करा दिया।
देवेंद्री का कहना है कि दबंग ने उसे जान से मारने की धमकी दी है। जिससे डर के मारे वह घर से बाहर नही निकल पा रही है। दूसरी ओर समय पर कालोनी न बन पाने पर उससे सरकारी सहायता की रिकवरी होने लगेगी। उसने पुलिस अधीक्षक से गरीब के साथ इस जुल्म को समाप्त कराकर पुलिस की सहायता कालोनी निर्माण को पूरा कराने के लिए दिलाने और दबंग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

Leave a comment