उरई । गुरुवार की रात एट कस्बे में चोरों ने 2 घरों में सेंध लगा कर  लाखों रुपए के माल पर हाथ साफ़ कर दिये । सुबह चोरी का पता चलाने पर खलबली मच गई । पुलिस ने मौका मुआयना कर लिया है लेकिन चोरों के बारे में कोई सुराग नहीं लग पा रहा है ।

एट के दादा नगर मोहल्ले में कल रात छत के रास्ते से चोर 2 घरों में उतर गए । सर्दी का मौसम होने से घर के लोग गर्म कपड़ों में दबे सोते रहे और चोर तसल्ली से उनके भीतर के कमरों के ताले तोड़ कर घुस गए और अलमारी , सन्दूक आदि खंगाल कर लाखों रुपए के जेवरात व नकदी उठा ले गए ।

चोर पहले माँ शारदा इंटर नेशनल पब्लिक स्कूल से जुड़े संजय जैन के घर में पहुँचे और 8 हजार रुपए नकद और 2 लाख के जेवर ले कर चलते बने । संजय के भाई अजय जैन समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष रह चुके हैं । इसके बाद उन्होने भाजपा के नगर अध्यक्ष हरिश्चंद्र उर्फ पप्पू नेता के भाई राजेश गुप्ता जिनकी चित्रकूट में आढ़त है उनके घर को निशाना बनाया । राजेश गुप्ता के लड़के की गत महीने ही शादी  हुई थी जिससे बहू का जेवर घर में ही रखा था । चोर उनके घर से 5 लाख रुपए से अधिक का जेवर और काफी नकदी पार कर ले गए ।

राजनीतिक परिवारों के घर का मामला होने से चोरियाँ  पुलिस के गले अटक गयीं हैं । चोरों का पता लगाने के लिए सरगर्मी से छानबीन की जा रही है ।

Leave a comment