
कोंच-उरई । नगर के एक प्रतिष्ठित स्कूल में आज जमकर छात्रों के बीच हंगामा हुआ, कारण था छात्रों के बीच संघर्ष जिसमें एक छात्र के घायल होने की खबर है। चर्चा है कि सारा बबाल एक छात्रा के पीछे हुआ, यह भी बताया जा रहा है कि छात्रों के बीच पिछले कई दिनों से अंदर ही अंदर चिंगारी सुलग रही थी जिसमें आज विस्फोट हो गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा काट रहे छात्रों और अभिभावकों को किसी तरह समझा बुझा कर शांत किया।

शुक्रवार को सूरज ज्ञान मॉडल पब्लिक स्कूल में कल से शुरू हो रही खेलकूद प्रतियोगिताओं को लेकर स्कूल प्रशासन और छात्र छात्रायें तैयारियों में जुटे थे, इसी बीच छात्रों के दो गुटों के बीच स्कूल भवन की छत पर संघर्ष हो गया। बताया गया है कि दो छात्रों ने एक छात्र को बुरी तरह पीट दिया जिससे वह लहूलुहान हो गया। इसके बाद स्कूल में हंगामा शुरू हो गया। पिटे छात्र अभिजीत कुशवाहा पुत्र सुजीत सिंह निवासी लाजपत नगर कोंच जो कक्षा ग्यारहवीं का छात्र है, के अभिभावक भी मौके पर पहुंच गये थे। घायल छात्र के मुताबिक जब वह अपनी पिटाई की शिकायत स्कूल प्रशासन से करने पहुंचा तो हमलावर छात्र वहां भी पहुंच गये और वहां भी उसकी फिर पिटाई गई। घायल का इलाज निजी अस्पताल में कराया गया। पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई जिस पर एसआई रामकुमार सिंह चौहान पुलिस बल के साथ स्कूल पहुंचे और हंगामा काट रहे छात्रों व अभिभावकों को समझा बुझा कर किसी तरह शांत किया। एसआई ने बताया है कि अभी मामले की तहरीर नहीं आई है, यदि आती है तो कार्यवाही की जायेगी। पीटने बाले छात्रों के नाम आदर्श निरंजन व शिवम मस्ताना बताये गये हैं, दोनों छात्र इंटरमीडिएट के बताये गये हैं। इस पूरे मामले को लेकर जब स्कूल में पड़ताल की गई तो इसके मूल में एक छात्रा चर्चा में आ रही है, दोनों गुट अपना वर्चस्व बनाने के लिये रंगबाजी पर आमादा बताये गये हैं। गुजरे कल स्कूल बस में भी कुछ हॉट टॉक होने की बात सामने आ रही है।
इंसेट में-
फोटो-कोंच3-मनोहर प्रताप
दोषियों के खिलाफ लिया जायेगा कड़ा एक्शन-मनोहर
कोंच। आज छात्रों के दो गुटों के बीच सरे आम हुई झड़प के बाद स्कूल प्रशासन बचाव की मुद्रा में है क्योंकि उसे स्कूल की बदनामी का डर है। स्कूल के कार्यकारी प्रधानाचार्य मनोहर प्रताप ने कहा है कि वह पूरे मामले की गहराई से पड़ताल करेंगे और दोषियों के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जायेगा। किस तरह के एक्शन में उन्होंने दोषियों को स्कूल से बर्खास्त करने से भी इंकार नहीं किया।






Leave a comment