
कोंच-उरई । आज भोर में कोई अज्ञात व्यक्ति रामगंज बाजार स्थित एक किराने की दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरा ही नौंच कर ले गया। दुकानदार ने कोतवाली में तहरीर देकर पुलिस को अवगत करा दिया है। कैमरा चोरी का मामला भले ही छोटा लग रहा हो लेकिन आशंका इस बात की भी जताई जा रही है कि कहीं चोर चोरी की वारदात को अंजाम तक पहुंचाने से पहले जरूरी होमवर्क तो नहीं कर रहे हैं।
ठंड का मौसम चोरों के लिये काफी मुफीद माना जाता है, हालांकि कोतवाली क्षेत्र अभी ऐसी वारदातों से बचा हुआ है लेकिन जिले में अन्य जगह ताबड़तोड़ चोरियों ने पुलिस की नींद जरूर उड़ा रखी है। आज भोर के समय लगभग छह बजे के आसपास रामगंज बाजार स्थित राममोहन राठौर की किराने की दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरा को अज्ञात चोर चुरा ले गये। सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचा तब उसे इसकी जानकारी हुई। उसने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर इस चोरी से अवगत करा दिया है। दुकानदार के मुताबिक छह बजे तक के फुटेज तो उसमें कैद हैं लेकिन जिस वक्त की यह घटना है उस वक्त घना कोहरा छाया हुआ था इसलिये कैमरा उड़ाने बाले का चेहरा उसमें कैद नहीं हो सका। बहरहाल, कैमरा चोरी की घटना देखने सुनने में छोटी भले ही लगती हो लेकिन इसने इलाके के दुकानदारों की नींद उड़ा कर रख दी है। दुकानदारों का मानना है कि कैमरा वहां से हटाना कहीं चोरों का चोरी के पहले का होमवर्क तो नहीं है।






Leave a comment