उरई। कोहरे के कारण शनिवार को सुबह कई वाहन एक-दूसरे से टकरा गये जिससे एट थाना क्षेत्र में कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम हो गया। लगभग तीन घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही जिससे दोनों ओर किलोमीटरों लंबी वाहनों की कतार लग गई। बाद में हाइवे की के्रन मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर एक किनारे किया गया तब जाम खुल सका।
आज सुबह भीषण कोहरा छाया होने की वजह से काफी देर तक धुंध छायी रही। जिसके कारण सड़कों पर कुछ फिट आगे भी नजर आना मुश्किल हो रहा था। इस स्थिति के चलते पिरौना के पास कृपाल ढाबा के सामने पहले आगे-पीछे चल रहे दो गैस टैंकर टकरा गये। इसके बाद पीछे से आ रही डीसीएम व सफारी भी टकराकर खड़ी हो गई। गनीमत यह रही कि इसके बावजूद कोई जनहानि नही हुई। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के चालकों को मामूली चोटें आईं जिससे प्राथमिक चिकित्सा के बाद ही उनको राहत मिल गई।
हादसे के बाद गैस टैंकर सड़क पर आड़े-तिरछे खड़े रह जाने से यातायात अवरुद्ध हो गया जिससे जाम लगना शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों ओर दर्जनों वाहनों की लंबी कतारें लग गई। स्थिति संभालने के लिए एट पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लगभग तीन घंटे की जददोजहद के बाद हाइवे अथोरिटी की क्रेन ने दुर्घटनग्रस्त वाहन हटाये तब जाकर यातायात सुचारू हो सका।

Leave a comment