
उरई । रविवार की सुबह एट थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के यातायात पर फिर कोहरे का कहर टूटा जिसमें एक ट्रक चालक की जान चली गई जबकि रोडवेज़ के एक दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हो गए ।

आज सबेरे सड़क पर घने कोहरे की चादर तनी होने से हाथों हाथ नहीं सूझ रहा था । ऐसे में चालक अंदाजिया वाहन चला रहे थे । इसी कशमकश में पिरौना के पास कृपाल ढाबा के सामने झांसी से आ रहे ट्रक को अचानक ब्रेक लेना पड़ा जिससे उसके पीछे लगा डंपर उसमें जा घुसा । भिड़ंत इतनी जबर्दस्त हुई कि डंपर के परखच्चे उड़ गए और उसके चालक की मौके पर ही मौत हो गई ।

एक और हादसा भी पिरौना में ही हुआ । हाईवे पुल पर रोडवेज़ बस आगे जा रहे ट्रक में जा टकराई । इसी दौरान पीछे आ रहे दूसरे ट्रक ने बस में टक्कर मारी जिससे बस घूम कर डिवाइडर से टकरा गई । इससे बस में सवार 13 यात्री घायल हो गए । पुलिस ने मौके पर पहुँच कर घायल यात्रियों को एंबूलेंस से जिला अस्पताल पहुँचाया ।





Leave a comment