
उरई । लगभग साढ़े 4 माह पहले चोरी किए गए लोडर के पार्ट्स काट काट कर ठिकाने लगा दिये गए थे लेकिन आखिरकार पुलिस ने इसमें शामिल आरोपियों को पकड़ कर उनकी निशानदेही पर गाड़ी के तमाम पार्ट्स बटोर लेने में सफलता हासिल कर ली है । इनके कब्जे से झांसी जनपद से चोरी मोटर साइकिल भी बरामद हुई है ।
पंकज अवस्थी का यह लोडर गत वर्ष 22 अगस्त को चोरी कर लिया गया था । पुलिस ने इसकी रिपोर्ट तो दर्ज कर ली लेकिन बाद में चुप्पी साध गई । यह मामला शायद हमेशा के लिए ठंडे बस्ते में चला जाता अगर जालौन टाइम्स ने खबर छाप कर पुलिस की खबर न ली होती । खबर से बात पुलिस अधीक्षक अमरेन्द्र प्रसाद सिंह के संज्ञान में आ गई जिस पर उन्होने कोतवाली पुलिस के पेंच कस डाले ।
इसका सार्थक नतीजा सामने आया जब पता चला कि यह वारदात राठ रोड बजाज एजेंसी के पीछे के निवासी राजेन्द्र यादव ने अपने भाइयों रोहित व अजय के सहयोग से अंजाम दी है । ये लोग मूल रूप से झांसी जिले के कटेरा थाने के ग्राम सेवारा के निवासी हैं । इन्होने चोरी के बाद लोडर के टुकड़े टुकड़े कर नंबर प्लेट और आगे का शो केस व कमानी गाँव में ही भुसोरा में दबा दी थी जिसे राजेन्द्र की निशानदेही पर बरामद कर लिया गया । इंजन काट कर ये लोग जनपद झांसी के उल्दन थानान्तर्गत बंगरा के कैलाश राय को बेचा था । राजेन्द्र के मौसा टीकमगढ़ जिले के सूरज के खेत से भी लोडर के कुछ पार्ट्स बरामद हुए ।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि राजेन्द्र कुमार यादव व कैलाश राय गिरफ्तार कर लिए गए हैं जबकि 4 लोग फरार हैं । आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक मोटर साइकिल भी बरामद हुई । पुलिस अधीक्षक ने वर्क आउट में शामिल पुलिस टीम को उत्साहवर्धन के लिए नकद इनाम की घोषणा की ।






Leave a comment