
कोंच-उरई । बाल विकास एवं अधिकार सामुदायिक पैरवी एवं सहभागिता से ही संभव है, इसके लिये ग्राम पंचायत विकास योजना का निर्माण समुदाय की सक्रिय भागीदारी एवं युवाओं को शिक्षा अधिकार अधिनियम की जानकारी होना आवश्यक है। यह बात सीसीआरडी फोरम जनपद जालौन एवं समर्पण जन कल्याण समिति के संयोजक राधेकृष्ण ने ग्राम देवगांव में एसएमसी एवं पंचायत प्रतिनिधियों के साथ अभिमुखीकरण कार्यक्रम के दौरान कही।
देवगांव के एसएमसी अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि कन्या प्राथमिक विद्यालय गहरे तालाब के किनारे बना होने, अतिक्रमण होने व विद्यालय की बाउंड्रीवाल नहीं होने से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। कन्या प्राथमिक विद्यालय तालाब के पानी से तीन ओर से घिरा है जिससे छोटी छोटी बालिकाओं को पानी में डूबने के डर से विद्यालय भेजने में अभिभावक कतराने लगे हैं। 22 दिसम्बर 2017 को तहसील दिवस में बाउंड्रीवाल के बावत लिखित शिकायत के बाद भी कुछ नही हुआ। एसएमसी के सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि हादसा होने की स्थिति में जिम्मेदार अधिकारियों के लिखाफ विधि सम्मत कार्यवाही महिलायें करेगी। ग्राम खैरी के प्रधान प्रतिनिधि ने कहा कि जहां दो बर्षों से जूनियर विद्यालय में हैंडपंप खराब पड़ा है वहीं प्राथमिक विद्यालय का हैंडपंप शौचालय गड्ढे से मात्र तीन फीट की दूरी में होने से प्रदूषित पानी पीने को बच्चे मजबूर हैं जिससे गंभीर बीमारी का खतरा बना हुआ है। लिखित शिकायत होने पर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। प्राथमिक विद्यालय बरहल व चटसारी के एसएमसी प्रतिनिधि ने कहा कि तहसील दिवस में बाउंड्रीवाल व शिक्षक छात्र अनुपात में अध्यापक की नियुक्ति न होने से शिक्षा कार्य प्रभावित होता है। प्राथमिक विद्यालय बरहल में 188 बच्चों की शिक्षा के लिये एक अध्यापक व एक महिला शिक्षामित्र है। सभी एक साथ सहमत हुये कि 12 जनवरी 2018 से खैरी, देवगांव, बरहल, सलैया बुजुर्ग व चटसारी के एसएमसी ग्राम पंचायत व स्थानीय जनसंगठन मिलकर ग्राम कैलिया में इंटरफेस कार्यक्रम सक्षम अधिकारी की उपस्थिति में आयोजित करेगें। पूर्ण समाधान न होने पर 23 जनवरी 2018 को कोंच तहसील परिसर में जनसुनवायी शिविर आयोजित किया जायेगा तथा क्षेत्र की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराया जायेगा जिससे समावेशी गुणवत्तायुक्त प्राथमिक शिक्षा का सपना साकार हो सके। इस अवसर पर गोविंददास, बलवीरसिंह, प्रदीपकुमार, निशातउल्ला खान ने भी अपने विचार व्यक्त किये।






Leave a comment