कोंच-उरई । बीती रात ग्राम कैलिया में एक अधेड़ महिला की ठंड लगने के कारण मौत हो गई। महिला काफी गरीब है और मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालती थी। गांव के लेखपाल ने मृतका के यहां जाकर पड़ताल की है तथा ग्रामीणों से भी पूछताछ कर मौत का कारण जानने का प्रयास किया।

बैरोमीटर में लगातार नीचे की ओर खिसक रहा पारा न्यूनतम छह डिग्री सेल्सियस पर आकर थमा है और इस भीषण सर्दी व शीत लहर का असर गरीब गुरबों पर भारी पडऩे लगा है। बीती रात कैलिया गांव में एक महिला रावरानी (42) पत्नी जगदीश रायकवार की अचानक ठंड लगने से मौत हो गई। बताया गया है कि मृतक महिला काफी गरीब थी और मेहनत मजदूरी करके परिवार का पेट पालती थी। कल भी वह खेतों में मटर तुड़ाई करने गई थी और अच्छी भली थी। रात में खाना खाकर वह सोने चली गई। आधी रात के आसपास उसकी अचानक मौत हो गई। मृतक की दो बेटियां 9 तथा 14 बर्ष की हैं तथा 10 बर्ष का एक बेटा भी है। अचानक हुई इस मौत से घर में मातम पसर गया है और परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। एसडीएम के निर्देश पर गांव का लेखपाल जांच करने मौके पर पहुंचा था।

 

 

Leave a comment