कोंच-उरई । बीती आधी रात के आसपास जिले के डीएम मन्नान अख्तर अचानक कोंच आ धमके जिससे यहां प्रशासनिक हलके में खलबली मच गई। उन्होंने यहां अलावों की स्थिति परखी जिसमें दो जगह अलाव जलते पाये गये। चूंकि वक्त आधी रात का था इसलिये अलाव तापने बाले लोग अपने घरों में जा चुके थे जिसके चलते अन्य जगहों पर अलाव नहीं मिले। सीएचसी के मुआयने में भी उन्होंने तमाम खामियां पाईं और तकरीबन आधा दर्जन लोग नदारत मिले जिनसे स्पष्टïीकरण मांगा जा रहा है।
कल लगभग सवा ग्यारह बजे डीएम मन्नान अख्तर ने अचानक ही कोंच की ओर रुख कर दिया। मकसद था भीषण सर्दी में अलावों की व्यवस्था परखना। इस औचक आगमन के लिये प्रशासन के अधिकारी तैयार नहीं थे सो आनन फानन वे डीएम के आगमन की सूचना पर सीएचसी पहुंच गये। डीएम को वहां अलाव जलता हुआ मिला और चार छह लोग हाथ सेंकते मिले। इसके अलावा मारकंडेयश्वर तिराहे पर अलाव जलता मिला जहां पुलिस बाले ताप रहे थे। कैलिया बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन आदि जगहों पर भी उन्होंने निरीक्षण किया लेकिन इन जगहों पर न तो अलाव ही मिले और न ही कोई आदमी। उन्होंने बल्दाऊ धर्मशाला में अस्थाई तौर पर बनाये गये रैन बसेरे का भी निरीक्षण करने का प्रयास किया लेकिन काफी देर तक कुंडी खड़काने के बाद भी धर्मशाला के गेट नहीं खुलने पर उन्होंने खिन्नता व्यक्त की। हालांकि तहसीलदार भूपाल सिंह द्वारा बताया गया कि कोंच छोटी जगह है और अमूमन रात में कोई रैन बसेरे में शरण लेने आता नहीं है, इस जबाब पर डीएम ने उन्हें निर्देश दिये कि इसके खुलने की व्यवस्था करायें। डीएम ने सीएचसी का निरीक्षण भी किया जहां आधा दर्जन कर्मचारी नदारत पाये गये। डीएम ने कहा है कि इनके बाबत सीएमओ से कह कर स्पष्टïीकरण मंगाया जा रहा है। इस दौरान एसडीएम सुरेश सोनी, तहसीलदार भूपाल सिंह भी मौजूद रहे।






Leave a comment