उरई। कालपी स्थित अंबेडकर छात्रावास में बहुजन समाज पार्टी की बैठक जिलाध्यक्ष शैलेंद्र शिरोमणि की अध्यक्षता तथा पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि जगजीवन अहिरवार और बृजेश जाटव की मौजूदगी में संपन्न हुई जिसमें पार्टी सुप्रीमों मायावती का 62वां जन्म दिन धूमधाम से मनाने की रणनीति बनाई गई।
बैठक के बाद पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी ने पत्रकारों से कहा कि बहन मायावती का जन्मदिन देश के करोड़ों दबे-कुचले लोगों की आशाओं का दिन है। इस दिन यह लोग उम्मीद संजोते हैं कि कब बहनजी की सरकार आये और इनकी समस्याएं दूर हों। उन्होंने बताया कि 15 जनवरी को बहनजी का जन्म दिन जिला मुख्यालय पर पूरी धूमधाम से मनाया जायेगा। वहीं जिलाध्यक्ष शैलेंद्र शिरोमणि ने कहा कि बहनजी का जन्म दिन पार्टी जन कल्याणकारी दिवस में मनायेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र की साढ़े तीन वर्ष की मोदी सरकार व प्रदेश की 9 माह की योगी सरकार के कारनामों से आम जनता बेहाल है और झूठे वादों वाली सरकार को जबाव देने के लिए तैयार है। अन्ना जानवरों ने किसानों का बुरा हाल कर रखा है। मौरम खनन न होने से मजदूर परेशान हैं।
उधर बसपा के कानपुर, झांसी व चित्रकूट मंडल के जोन कार्डिनेटर जगजीवन अहिरवार ने कहा कि जनपद में पार्टी से कुछ लोगों को निकालने का फैसला बहनजी का है। जो लोग इसके विरोध में पुतले फंूक रहे हैं उनका पार्टी से कोई लेना-देना नही है। उन्होंने कहा कि भितरघात करने वालों का पार्टी में कोई स्थान नही होगा। यह संदेश बहनजी ने पूरी ताकत से दे दिया है।
इस अवसर पर जोन कार्डिनेटर बृजेश जाटव, जिला महासचिव उदयवीर दोहरे, धीरज पहारिया, हिम्मत सिंह गौतम, शफीक अंसारी, दिलीप पाठक, सभासद हरनारायण पाल, नगर अध्यक्ष राजेश अहिरवार, कृपा शंकर, मोतीलाल, विजय पाल, मो. अनवार आदि बड़ी संख्या मे लोग मौजद थे।






Leave a comment