उरई। एट कस्बे में चोरियों के ताबड़तोड़ सिलसिले से भय व्याप्त हो गया है। गुरुवार की रात एक मोबाइल व्यापारी की दुकान से चोर लाखों रुपये का सामान उठा ले गये।
कोटरा तिराहे पर जितेंद्र याज्ञिक की मोबाइल और इलेक्ट्रानिक सामान की दुकान है। जिसमें बीती रात अज्ञात चोर पुलिस की चैकसी को धता बताते हुए शटर तोड़कर घुस गये और तीन लाख रुपये लगभग कीमत के मोबाइल सैट भर ले गये।
सुबह बाजार खुलने पर जब चोरी की जानकारी हुई तो सनसनी फैल गई। पुलिस वारदात से सक्ते में आ गई। थानाध्यक्ष चंद्रशेखर दुबे ने जितेंद्र याज्ञिक की दुकान पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। इसके पहले हाल ही में दो राजनैतिक परिवारों से जुड़े दुकानदारों के यहां भी चोरी हुई थी जिसका खुलासा पुलिस अभी नही कर पाई है।
पुलिस इस कारण नई वारदात से बेहद दबाव में देखी जा रही है। जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलवा लिया गया था। जिसने मौके से कई नमूने और फिंगर प्रिंट लिए हैं। बाद में कोंच की क्षेत्राधिकारी उर्मिला वर्मा ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया। लेकिन अभी तक चोरों का कोई सुराग पुलिस के हाथ नही लग सका है।

Leave a comment