उरई। जालौन-हरदोई गूजर मार्ग पर नारायणपुरा के पास नहर पर बने पुल के क्षतिग्रस्त हो जाने से लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं फिर भी प्रशासन कोई सबक नही ले रहा।
इस पुल का नीचे का हिस्सा तो हमेशा सही रहता है लेकिन पुल के दोनों तरफ बनी रेलिंग क्षतिग्रस्त हो जाती है जिससे आये दिन हादसे होते रहते हैं। इस बार नये वर्ष से ही इसकी शुरूआत हो गई 1 जनवरी को एक ट्रक नहर के इसी पुल से नीचे चला गया। 2 जनवरी को दो बाइक सवार नहर में जा गिरे। 3 जनवरी को लखीमपुर से आई स्विफ्ट डिजायर कार नहर में चली गई। इसके बाद भी यह सिलसिला बंद नही हुआ। गुरुवार को उसे स्थान से झांसी की बुलेरो नहर में गिरी जिसमें आधा दर्जन सवारी गंभीर रूप से घायल हो गई।
आसपास के लोगों का कहना है कि उक्त पुल पर रेलिंग न होना तथा घुमाव हादसों की मुख्य वजह है। इसलिए स्थानीय प्रशासन को चाहिए कि उक्त मोड़ों पर खास इंतजाम कर पुल के दोनों ओर मजबूत रेलिंग बनवायें लोग इतने आक्रोशित है कि जल्द ही पुल पर निरापद व्यवस्थाएं न होने की स्थिति में आंदोलन के लिए सड़क पर उतरने की चेतावनी दे रहे हैं।
बताते चले कि गुरुवार की रात्रि में उक्त पुल से गिरी बुलेरो झांसी के पूंछ से आ रही थी। इसमें बैठे लोग जालौन में एक तिलक समारोह में शामिल होने के लिए आये थे। घायलों में मनोज, राजू, राहुल व उनके तीन रिश्तेदार शामिल रहे। दुर्घटना के बाद नारायणपुरा के लोगों ने ही उन्हें नहर से निकाला और अस्पताल पहुंचवाया। अगर ग्रामीण तत्परता पूर्वक मदद न करते तो हादसे का स्वरूप और विकराल हो सकता था।






Leave a comment