उरई। बाहरी इमदाद से दीन में हज को नाजायज बताने की बात कहते हुए स्थानीय मुसलमानों के एक वर्ग ने केंद्र सरकार द्वारा हज सब्सिडी खत्म करने का स्वागत किया और इस फैसले पर मिठाइयां बांटकर खुशी जताई।
समाजसेवी युसुफ अंसारी ने कहा कि सरकारी अनुदान से हज करने के कारण मुसलमानों के मजहबी फर्ज पर चोट हो रही थी। इसलिए यह फैसला मजहबी उसूलों के मुताबिक है। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को ध्यान रखना चाहिए कि इसलाम में ब्याज लेना और किसी के पैसे से हज करना जायज नही है। हमेशा मुस्लिम समाज को अपने पैसे से हज करना चाहिए तभी हज मुकम्मल होगा।
युसुफ अंसारी ने कहा कि मुस्लिम समाज के लोग पहले भी हज पर जाते थे जब सरकार सब्सिडी नही देती थी। केंद्र सरकार द्वारा सब्सिडी खत्म करने के बाद भी उनका हज पर जाना बंद नही होगा। हज करना हर मौमिन का जरूरी फर्ज है। मुसलमान इसके लिए किसी के मोहताज नही हैं।
युसुफ अंसारी के आवास पर ही इसके स्वागत के लिए जश्ननुमा कार्यक्रम हुआ जिसमें एक-दूसरे को मिठाई खिलाई गई। हलीम अंसारी, नासिर अंसारी, हई कुरैशी, रफीक खान, अयूब अंसारी, गुडडू अंसारी, इम्तियाज, हाजी एहसान, हाजी सईद, हाफिज शोएब, हाजी सईम, हाफिज अहमद आदि कई लोग मौजूद रहे।

Leave a comment