
कोंच-उरई । मतदाता जागरूकता को लेकर मंगलवार को सेठ विन्द्रावन इंटर कॉलेज में तहसील स्तरीय विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें दस विद्यालयों के बच्चों ने प्रतिभाग कर अपना टेलेंट दिखाया। प्रतियोगिता में सफल रहे प्रतिभागी आगामी 25 जनवरी को मतदाता दिवस के अवसर पर उरई में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे और उसमें सफलता मिलने पर उन्हें पुरस्कृत किया जायेगा।
जिला प्रशासन के निर्देश पर मंगलवार को सेठ विन्द्रावन इंटर कॉलेज में स्कूली बच्चों की प्रतियोगितायें मतदाता जागरूकता को लेकर संपन्न हुईं। प्रतियोगिता संयोजक विद्यालय के प्रधानाचार्य ब्रजबल्लभ सिंह सेंगर ने बताया कि अमरचंद्र महेश्वरी इंटर कॉलेज कोंच, एसआरपी इंटर कॉलेज कोंच, सेठ विन्द्रावन इंटर कॉलेज कोंच, जनता इंटर कॉलेज अकनीबा, नाथूराम पुरोहित बालिका इंटर कॉलेज कोंच, कमला नेहरू बालिका इंटर कॉलेज कोंच, परमहंस इंटर कॉलेज देवगांव, महावीर इंटर कॉलेज सामी, सद्गुरु इंटर कॉलेज चांदनी तथा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज कोंच के बच्चों ने मेंहदी, रंगोली, पेंटिंग, स्लोगन राइटिंग, गीत, वाद विवाद, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर मेकिंग, स्क्रिप्ट आदि की प्रतियोगितायें संपन्न हुईं जिनमें बच्चों ने अपनी प्रतिभा का उम्दा प्रदर्शन करते हुये स्थान हासिल किये। उन्होंने बताया कि आज की प्रतियोगिताओं में पहले और दूसरे स्थानों पर रहे प्रतिभागी आगामी 25 जनवरी को मतदाता दिवस के अवसर पर सनातन धर्म इंटर कॉलेज उरई में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे और उसमें सफलता मिलने पर उन्हें पुरस्कृत किया जायेगा। इस दौरान ओमप्रकाश वर्मा, सतीशसिंह, दिनेशकुमार, राजकुमार, आशीष गुप्ता, विनोदकुमार भारतीय, सतीश नारायण, वीरेन्द्रसिंह निरंजन, राजीव, गौरव आदि मौजूद रहे।
इंसेट में-
ये प्रतिभागी रहे पहले दूसरे पायदान पर
कोंच। मतदाता जागरूकता को लेकर आयोजित प्रतियोगिताओं में ये हुनरमंद पहले और दूसरे पायदान पर रह कर जिला स्तरीय प्रतियोगिता में स्थान बनाने में सफल रहे। पेंटिंग में किशन सोनी प्रथम, अमान अली द्वितीय, मेंहदी में आस्मीन बानो पहले, मुस्कान अग्रवाल दूसरे, वाद विवाद में (पक्ष में) केतन पटेल प्रथम, आशीषकुमार द्वितीय, (विपक्ष में) गिरेन्द्रसिंह प्रथम, आदित्य गुप्ता द्वितीय, पोस्टर मेकिंग में बर्षा कुशवाहा प्रथम, नम्रता चौधरी द्वितीय, संगोली में किरन कुशवाहा, काजल राठौर, नुक्कड़ नाटक में अमरचंद्र स्कूल की टीम पहले पायदान पर रही। स्लोगन राइटिंग में ऋतिक याज्ञिक प्रथम, बालमुकुंद द्वितीय, निबंध में राज कुशवाहा प्रथम, जितेन्द्र गुप्ता, गीत में प्रथम गरिमा, द्वितीय ऋतु आदि सफल रहे।






Leave a comment