उरई। बुधवार को प्रदेश का स्थापना दिवस समारोह राजकीय इंटर कालेज मैदान में धूमधाम से मनाया गया। ग्रामीण क्षेत्रों से आईं बुंदेलखंडी नृत्य, दिवारी नृत्य और आल्हा गायन की टीमों ने समां बांध दिया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रभारी मंत्री जयकिशन सिंह जैकी ने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत का सबसे गौरवशाली प्रदेश है। इसका हिस्सा होने के नाते जालौन जनपद का भी गौरव कम नही है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में अन्ना पशु प्रथा खत्म करने के लिए राज्य सरकार गंभीरता पूर्वक गौशाला और गौ अभियारण्य बनाकर कारगर प्रयास कर रही है। इस अवसर पर सांसद भानुप्रताप वर्मा, विधायक मूलचंद्र निरंजन, गौरी शंकर वर्मा, भाजपा के जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल, अपना दल के अध्यक्ष रामराजा निरंजन और नगर पालिका अध्यक्ष अनिल बहुगुणा, अरविंद चैहान, डा. भगवान दास त्रिपाठी भी मौजूद रहे।
इस दौरान बौद्धिक गोष्ठी भी हुई जिसमें जालौन जनपद के इतिहास और संस्कृति पर महत्पूर्ण परिचर्चा की गई। लोक संस्कृति विशेषज्ञ अयोध्या प्रसाद कुमुद, डा. हरीमोहन पुरवार और डीवी कालेज के प्राचार्य राजेश पांडेय ने इसमें विचार प्रकट किये।
जिला प्रशासन द्वारा स्थापना दिवस समारोह के लिए भव्य व्यवस्थायें की गई थीं। जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर, पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह, अपर जिलाधिकारी आरके सिंह, मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह सहित कई विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। विभिन्न विभागों की योजना और उपलब्धियों की जानकारी देने के लिए कार्यक्रम स्थल पर 20 स्टाल सजाये गये थे।
प्रभारी मंत्री ने 50 आंगनवाड़ी केंद्रों, दो माडल स्कूल, परौसा के बिजली घर व पंचायत केंद्र जालौन का लोकार्पण किया। कई सड़कों का लोकार्पण और शिलान्यास भी उन्होंने इस अवसर पर किया। साथ ही एनआरएलएम व शौचालय के लाभार्थियों को चैक वितरण व 50 किसानों को फसली ऋण माफी का प्रमाण पत्र वितरण किया गया।






Leave a comment