
उरई। इमामबाड़े के समीप सरकारी जमीन पर किये जा रहे अवैध निर्माण के प्रयास को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई से तनाव व्याप्त हो गया। अधिकारी सतर्कता पूर्वक स्थिति पर निगाह रखे हुए हैं।
कस्बा जालौन के मोहल्ला रापटगंज में ताजिएदारों ने गत दिनों उप जिलाधिकारी और नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी से ताजिए रखने के स्थान के पास नजूल की जमीन पर अवैध निर्माण की शिकायत की थी। जिस पर प्रशासन ने हस्तक्षेप कर कार्य बंद करा दिया था। लेकिन बुधवार को आरोपी कल्लू मंसूरी ने फिर से निर्माण शुरू करा दिया। अलमदार जायदा बेगम ने कस्बे से बाहर होने के बावजूद जानकारी हो जाने पर टेलीफोन से अधिकारियों को इस बारे में अवगत कराया। उसके बाद पालिका के दस्ते ने फिर मौके पर पहुंचकर कार्य बंद करा दिया। इस दौरान कल्लू मंसूरी और मोहल्ले वालों के बीच जमकर गाली-गलौज हुई। जिससे तनाव व्याप्त हो गया है। जायदा बेगम ने अल्टीमेटम दिया है कि अगर अवैध निर्माण कराने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नही की जाती तो सांतवीं मुहर्रम को अलम न उठाने पर विचार किया जा सकता है। इससे अधिकारियों के लिए पेचींदा स्थिति बन गई है। बताया गया है कि प्रशासन स्थिति पर बारीकी से निगाह रखे हुए है।







Leave a comment