उरई। राजकीय इंटर कालेज का परिसर कार, जीपों के बुकिंग सेंटर के रूप में तब्दील किया जा चुका है। इस धींगामुश्ती से काननू व्यवस्था का मजाक हो रहा है। लेकिन प्रशासन को कार्रवाई करने की फुर्सत नही है।

राजकीय इंटर कालेज की सड़क पर आजकल बुकिंग पर भेजी जाने वाली कार, जीपों का कब्जा रहता है। इसके कारण जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा विभाग के कर्मचारियों को आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ती है। मजे की बात यह है कि इन कार, जीपों का टैक्सी परमिट भी नही है। जिस कारण इन्हें बुकिंग पर भेजना पूरी तरह गैरकानूनी है।

बावजूद इसके प्रशासन और पुलिस वाहन मालिकों को सामने नतमस्तक नजर आती है। सरेआम इस शहजोरी से प्रशासन के इकबाल की धज्जियां उड़ रही हैं। फिर भी कोई अधिकारी संज्ञान में नही ले रहा। इसी रोड पर आगे चलकर डीआईओएस और बीएसए दफ्तर हैं। वाहनों के जमावड़े की वजह से उक्त विभागों के कर्मचारियों को अपनी बाइक निकालने में असुविधा का सामना करना पड़ता है। नाम न छापने की शर्त पर कई कर्मचारियों ने बताया कि उच्चाधिकारियों की जानकारी में यहां गैरकानूनी टैक्सी स्टैण्ड के संचालन की बात लाई जा चुकी है। पर अक्रमण्यता के कारण कोई एक्शन नही लिया जा रहा है।

Leave a comment