उरई। यूपी रोडवेज इम्प्लाइज यूनियन के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष स्व. महेंद्र सिंह निरंजन की पुण्य तिथि पर गुरुवार को यूनियन की उरई डिपो शाखा द्वारा डिपो परिसर में परिवहन विकास सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माधौगढ़ के विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक नरेंद्र पाल सिंह जादौन और सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा मौजूद रहे। अध्यक्षता यूनियन के प्रांतीय अध्यक्ष पं. रामजी त्रिपाठी ने की।

मुख्य वक्ता के रूप में यूनियन की उरई डिपो शाखा के अध्यक्ष रियाजुल हक ने अपने संबोधन में कहा कि बुंदेलखंड तथा विशेष रूप से उरई डिपो के विकास में सबसे बड़ी बाधा अवैध बसों के संचालन पर रोक न हो पाना है। साथ ही परिचालकों की कमी भी गतिरोध की स्थिति बनाये रखने का मुख्य कारक साबित हो रही है। उन्होंने संविदा चालकों, परिचालकों की सेवा असुरक्षा, अधिकारियों की मनमानी तथा उनकी कोई स्थानांतरण नीति न बन पाने को भी मुददा बताया।

मंडलीय अध्यक्ष इंदर सिंह चैहान तथा मंडलीय मंत्री तौकीर हबीब ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि अराष्ट्रीयकृत मार्ग निजी क्षेत्र के अंतर्गत हैं। जिन पर परिवहन निगम परमिट प्राप्त कर अपनी बसों का संचालन कर सकता है। लेकिन निजी क्षेत्र के बस स्वामियों के एकाधिकार में हस्तक्षेप न होने देने की नियती से ऐसा नही किया जा रहा। उन्होंने कहा कि निजी बस सेवा की तुलना में परिवहन निगम की बसों का किराया मंहगा है जिसका खामियाजा निगम को उठाना पड़ रहा है। इन विसंगतियों के निराकरण की मांग कर्मचारी नेताओं ने की।

सभा में धर्मेंद्र तिवारी झांसी, निजाम खांन, चंदन यादव, राजेंद्र यादव, अखिलेश दुबे इटावा, मो. अली दुलारे आगरा, सत्यनारायण शर्मा, एके सिंह कानपुर, रामकिशोर तिवारी, रवि शर्मा चित्रकूट, रामबाबू यादव, कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के नेता लाल सिंह चैहान, पेंशनर्स एसोसिएशन के रामेश्वर दयाल त्रिपाठी, प्राथमिक शिक्षक संघ के ठाकुर दास यादव, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के ताहिर अंसारी लक्ष्मीनारायण गुप्ता, उरई डिपो के आबिद उल्ला, ज्ञानप्रकाश, महेश गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, महेंद्र सिंह निरंजन, मो. रिजवान, उदय गोयल, संजय सचान, अंकित पटेल आदि भी उपस्थित थे।

Leave a comment