कोंच-उरई । गुरुवार को कोंच की नवीन सब्जी मंडी में उस वक्त बड़ा बबाल होते होते बचा जब वहां के केंटीन ठेकेदार ने अपना सामान खुद आग के हवाले कर दिया और आरोप मंडी प्रशासन पर मढने लगा। ठेकेदार ने अपनी विरादरी के सैकड़ों लोगों को इकट्ठा कर जब बबाल काटना शुरू कर दिया तो मंडी सचिव ने यूपी 100 को फोन घुमा दिया। यूपी 100 पुलिस उक्त ठेकेदार को उठा कर कोतवाली ले गई। पूरी घटना का वीडियो मंडी कर्मचारियों ने बना लिया था जिसमें साफ दिख रहा है कि ठेकेदार खुद ही ला ला कर अपना सामान आग में रख रहा था। मंडी सचिव ने ठेकेदार के खिलाफ तहरीर दी है।

दरअसल, मंडी प्रशासन पूरी मंडी में फैले अतिक्रमण पर अपना शिकंजा कस रहा था और यहां वहां फैले अतिक्रमण का सफाई अभियान जारी था। नवीन सब्जी मंडी में केंटीन का ठेका कमाल अहमद पुत्र अल्लादीन निवासी आजाद नगर कोंच के नाम है। मंडी सचिव डॉ. दिलीपकुमार वर्मा का आरोप है कि ठेकेदार ने केंटीन के निर्धारित स्थान के अलावा भी मंडी में अन्य जगह अपना तामझाम पैला रखा था। मंडी सभापति/ उपजिलाधिकारी सुरेश सोनी तथा मंडी सचिव ने कई बार ठेकेदार को अपना उक्त तामझाम समेट लेने के लिये आगाह किया लेकिन वह वहां से हटने को राजी नहीं था। गुरुवार को मंडी प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुये उसका सारा बिखरा सामान वहां से हटवा दिया और जो कूड़ा करकट वहां पड़ा था उसमें आग लगवा दी। खुद को हटता देख बौखलाये ठेकेदार ने जल रहे कूड़े में अपने तख्त आदि खुद ही पटक दिये और आरोप लगाना शुरू कर दिया कि मंडी प्रशासन ने उसके सामान में आग लगा दी। ठेकेदार उस वक्त यह नहीं देख सका कि जब वह आग में सामान पटक रहा था तब एक मंडी कर्मचारी उसका वीडियो भी बना रहा था। ठेकेदार ने चिल्ला चिल्ला कर अपनी विरादरी के सैकड़ों लोगों का मजमा इकट्ठा कर लिया और बबाल काटने लगा। मंडी सचिव ने स्थिति बिगड़ती देख यूपी 100 को फोन कर दिया और ठेकेदार को पकड़वा दिया। मंडी सचिव के निर्देश पर मंडी निरीक्षक रविकुमार ने कोतवाली में पूरे मामले की तहरीर दे दी है जिसमें ठेकेदार के अलावा दो तीन अन्य सब्जी व्यापारियों द्वारा उनके साथ गाली गलौज करने की भी बात कही गई है। इधर, ठेकेदार कमाल का कहना है कि जहां केंटीन है वहां बिक्री कम हो पाती है इसलिये उसने अन्य जगह सामान जमा कर दुकानदारी शुरू कर दी थी ताकि जितने पैसे में ठेका लिया है उसकी भरपाई तो कम से कम हो ही जाये।

 

Leave a comment