*
कोंच-उरई । चोर भी शायद अपना ईमान खो बैठे हैं, चोरी करते वक्त वे यह भी नहीं देखते हैं कि किसी बड़े आदमी के यहां चोरी करने घुस रहे हैं या किसी गरीब के। बीती रात स्टेट बैंक के सामने गुटका बीड़ी की छोटी सी दुकान में चोरों ने ताले चटका कर उसके माल और गल्ले में रखे बारह सौ रुपये पर हाथ साफ कर दिया जिससे उक्त गरीब की तो सारी पूंजी ही चली गई। तीन दिन पूर्व भी उसी इलाके में नाथूराम बालिका इंटर कॉलेज के पास एक दुकान के ताले चटका कर चोरों ने चोरी का असफल प्रयास किया था।
मिली जानकारी के मुताबिक स्टेट बैंक के सामने मेन रोड पर ही सुजीत यादव पुत्र अरविंद यादव निवासी जयप्रकाश नगर की गुटका, बीड़ी और समोसे की छोटी सी दुकान चला कर परिवार का भरण पोषण करता है। बीती रात किसी समय अज्ञात चोरों ने उसकी दुकान के ताले चटका कर उसमें रखे तमाम सामान पर हाथ साफ कर दिया। इसके अलावा दुकान के गल्ले में रखे बारह सौ रुपये भी चोर ले गये। देखने में बारह सौ की रकम भले ही थोड़ी लगती हो लेकिन उस गरीब दुकानदार की तो वह सारी जमा पूंजी थी। बहरहाल, उसने कोतवाली में तहरीर दे दी है। गौरतलब यह भी है कि तीन दिन पहले मुख्य राजमार्ग पर नाथूराम पुरोहित बालिका इंटर कॉलेज के पास अमित राठौर निवासी पटेलनगर की मोबाइल की दुकान के भी ताले चोरों ने चटका दिये थे लेकिन जाग हो जाने के कारण चोरों को बिना घटना को अंजाम दिये वहां से भागना पड़ा था।







Leave a comment