कोंच-उरई । कानपुर देहात जनपद से यहां खेत मजदूरी करने आये लोगों की एक युवती अपने ही रिश्तेदार के साथ रफूचक्कर हो गई है। युवती के भाई ने यहां कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर कार्यवाही करने की बात कह रही है।
मिली जानकारी में बताया गया है कि कानपुर देहात जिले के रसूलाबाद थाना क्षेत्र का एक परिवार जिसमें मां-बाप और भाई-बहन हैं, खेत मजदूरी करने के लिये कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भेंड़ में आया हुआ था। दो दिन पूर्व उनका एक रिश्तेदार भी यहां आया और इसी परिवार के साथ ठहर गया। चूंकि आया रिश्तेदार परिवार के मुखिया का भांजा है सो उसके यहां रुकने में किसी को कोई ऐतराज भी नहीं हुआ लेकिन मौका लगते ही उक्त रिश्तेदार परिवार की युवती जो रिश्ते में उसकी ममेरी बहन लगती है, को बहला फुसला कर अपने साथ ले भागा। भागी लड़की के भाई ने यहां कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर कार्यवाही करने की बात कह रही है।







Leave a comment