लखनऊ। उपराष्ट्रपति और राज्यपाल से कानून व्यवस्था के मामले में लताड़ खाने के बाद राज्य सरकार पुलिस के अफसरों की लगाम कसने के लिए कड़े कदम उठाने का इरादा जाहिर किया है। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ताबड़तोड़ डकैतियों का पर्दाफाश न हो पाने की गाज शुक्रवार को एडीजी जोन और आईजी रेंज पर गिरा दी गई। हालांकि एसएसपी दीपक शाही अभी सुरक्षित हैं। लेकिन उन्हें अभयदान दिया गया है या नही यह स्पष्ट करने के लिए जिला पुलिस प्रमुखों के स्तर की सूची का इंतजार करना होगा। आज सीनियर स्तर के पुलिस अफसरों को इधर-उधर किया गया है।
लखनऊ के एडीजी जोन अभय कुमार प्रसाद आर्थिक अपराध शाखा में भेज दिये गये हैं जबकि राजीव कृष्ण को उनके स्थान पर जोनल एडीजी बनाया गया है। राजीव कृष्ण अभी तक मुरदाबाद की भीमराव अंबेडकर एकेडेमी में तैनात थे। लखनऊ रेंज के आईजी जयनारायण सिंह को भी हटा दिया गया है। उन्हें पीएसी मुख्यालय लखनऊ में तैनाती दी गई है और टेलीकाम के आईजी सुजीत पांडेय को लखनऊ रेंज का आईजी बनाया गया है।
एक समय मायावती के सबसे नजदीकी अधिकारियों में सुमार किये जाने वाले मिर्जापुर के आईजी प्रेम प्रकाश हाल ही में अपर पुलिस महानिदेशक के रूप में पदोन्नत हो चुके हैं। उनकी तेज-तर्रार कार्यशैली के मददेनजर उन्हें नई पोस्टिंग में भी बेहतर तरीके से नवाजा गया है। प्रेम प्रकाश को बरेली जोन का अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है।
जबकि प्रतीक्षारत ध्रुवकांत ठाकुर को उनके साथ बरेली रेंज का आईजी बनाया गया है। मुख्यमंत्री की गृह क्षेत्र गोरखपुर जोन के आईजी मोहित अग्रवाल पुलिस महानिदेशक कार्यालय में बतौर आईजी लोक शिकायत संबद्ध कर दिये गये हैं। उनके स्थान पर गोरखपुर में ही डीआईजी से पदोन्नत नीलाब्जा चैधरी को आईजी की जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
फैजाबाद परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विजय प्रकाश को भी हटा दिया गया है। उन्हें पुलिस महानिदेशक कार्यालय से संबद्ध किया गया है। फैजाबाद रेंज में इस बार आईजी के बजाय डीआईजी ओमकार सिंह की पोस्टिंग की गई है जो कि अभी तक मुरादाबाद रेंज के डीआईजी थे। चित्रकूट धाम रेंज की डीआईजी ज्ञानेश्वर तिवारी को भी लंबे समय बाद बांदा में हुए सामूहिक हत्याकांड को लेकर हटा दिया गया है। उन्हें सीतापुर पीटीसी में डीआईजी बनाया गया है। चित्रकूट धाम के डीआईजी के रूप में डा. मनोज तिवारी की पोस्टिंग की गई है जो कि अभी तक डीआईजी कार्मिक थे। लखनऊ के एसएसपी रह चुके प्रवीण कुमार पुलिस उप महानिरीक्षक पीएसी सेक्टर लखनऊ से डीआईजी कानून व्यवस्था बनाये गये हैं। लोक शिकायत में पुलिस महानिरीक्षक विजय सिंह मीना मिर्जापुर परिक्षेत्र के नये आईजी बनाये गये हैं। पुलिस महानिरीक्षक कानून व्यवस्था से पदोन्नत हुए हरीराम शर्मा अपर पुलिस निदेशक प्रशासन बनाये गये हैं। पुलिस महानिरीक्षक अपराध से पदोन्नत सुनील गुप्ता को सीबीसीआईडी में एडीजी बनाकर भेजा गया है। पुलिस भर्ती बोर्ड के डीआईजी शरद सचान सहारनपुर रेंज के डीआईजी बनाये गये हैं। बरेली रेंज के आईजी एसके भगत आईजी अपराध होगें। अपर पुलिस महानिदेशक स्थापना एसबी शिरोडकर अपर पुलिस महानिदेशक अभिसूचना बनाये गये हैं। पुलिस मुख्यालय इलाहाबाद में आईजी बजट के रूप में तैनात डा. केएस प्रताप कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक पुलिस अकादमी मुरादाबाद बनाया गया है। प्रतीक्षारत अपर पुलिस महानिदेशक पीयूष आनंद अपर पुलिस महानिदेशक स्थापना बनाये गये हैं। अपर पुलिस महानिदेशक दावा शेरपा को सीबीसीआईडी से गोरखपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक के बतौर स्थानातंरित किया गया है। प्रतीक्षारत पीवी रामाशास्त्री को अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन बनाया गया है। वाराणसी जोन की वर्तमान अपर पुलिस महानिदेशक विश्वजीत महापात्र को पदोन्नत हो जाने के कारण पुलिस महानिदेशक एसीओ बना दिया गया है। गौरतलब है कि सहारनपुर रेंज के डीआईजी केएस इमेनुअल भारत सरकार में प्रतिनियुक्ति पर रवाना होने हैं इसलिए उन्हें कार्यमुक्त कर दिया गया है।

Leave a comment