उरई। दलित संगठनों की आपत्ति के बाद जिलाधिकारी के हस्तक्षेप के फलस्वरूप बीएसए ने दो प्राथमिक विद्यालयों से हरिजन नाम हटाने का आदेश जारी कर दिया है।
माधौगढ़ और खकसीस में कई दशक पहले स्पेशल कंपोनेंट प्लांट से प्राथमिक विद्यालय स्थापित किये गये थे। उस समय माधौगढ़ के उक्त प्राथमिक विद्यालय का नाम प्राथमिक विद्यालय हरिजन माधौगढ़ और खकसीस के विशेष प्राथमिक विद्यालय का नाम हरिजन प्राथमिक विद्यालय खकसीस रखा गया था।
बाद में उत्तर प्रदेश सरकार ने जब अनुसूचित जाति के पर्याय के तौर पर हरिजन का विशेषण लगाने को गैर कानूनी करार दे दिया तो इन विद्यालयों का नाम बदल जाना चाहिए था। लेकिन प्रशासनिक जड़ता की वजह से यह मामला ठंडे बस्ते में पड़ा रहा और दलित समाज के लोग आहत होते रहे।
हाल में दलित संगठनों ने मौजूदा जिलाधिकारी को ज्ञापन देेकर इस पर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। जिसके बाद जिला बेसिक शिक्षाधिकारी राजेश कुमार शाही ने आदेश जारी किया है कि अब से प्राथमिक विद्यालय हरिजन माधौगढ़ को प्राथमिक विद्यालय माधौगढ़ नं.-2 और हरिजन प्राथमिक विद्यालय खकसीस को प्राथमिक विद्यालय खकसीस नं.-2 के बतौर उल्लिखित किया जायेगा। दलित संगठनों ने इस पर संतोष जताया।

Leave a comment