उरई। प्रमुख समाजसेवी और ओम सेवा संस्थान के प्रबंधक सुनील हिंदुस्तानी ने पैथलोजिस्ट न होने की वजह से जिला अस्पताल के ब्लड बैंक के सफेद हाथी बनकर रह जाने पर आक्रोश जताया है।
सस्थान की शनिवार को आयोजित बैठक में सुनील हिंदुस्तानी ने कहा कि जनपद के ब्लड डोनर काफी समय से उत्साह पूर्वक रक्तदान कर रहे हैं। लेकिन उन्हें नही पता कि उनके अपने जरूरतमंद लोगों का जीवन बचाने में इसका उपयोग नही हो पा रहा।
उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में काफी समय से पैथलोजिस्ट नही है। जिसकी वजह से ब्लड बैंक सफेद हाथी बनकर रह गया है। जन प्रतिनिधि भी इस कमी को संज्ञान में नही ले पाये हैं। जबकि जरूरतमंदो को नाजुक मौके पर ब्लड की व्यवस्था के लिए बाहर के जिलों में भागना पड़ता है। कई बार तो इसकी वजह से मरीज अपना अनमोल जीवन भी गंवा देते हैं।
उन्होंने कहा कि कई समाजसेवी इस समस्या से अवगत होने के बावजूद रक्त दान शिविरों के माध्यम से अन्य जनपदों के पैथलोजी सेंटरों का भला करने में लगे हैं। जबकि जिला अस्पताल में स्थाई पैथलोजिस्ट की नियुक्ति के लिए आवाज उठाने में उन्हें कोई दिलचस्पी नही है। उन्होंने कहा कि ब्लड बैंक में पैथलोजिस्ट की व्यवस्था के लिए अब ओम सेवा संस्थान संघर्ष छेड़ेगा।

Leave a comment