स्थानीय तहसील सभाकक्ष में मंगलवार को झांसी मंडल के कमिश्नर कुमुदलता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर झांसी रेंज के डीआईजी जवाहर समेत उच्च अधिकारियों के समक्ष फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर 201 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। जिसमें आधा दर्जन प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। तहसील सभाकक्ष कालपी में लखनऊ से चलकर मंडलायुक्त सीधे तहसील स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस कालपी में पहुंचे। इसी के साथ ही झांसी से डीआईजी जवाहर तथा अपर आयुक्त उर्मिला सोनकर खाबरी भी पहुंची। उच्च अधिकारियों की दस्तक को सुनकर फरियादियों की संख्या बढ़ गयी। कुछ देर के लिए क्षेत्रीय विधायक नरेंद्र पाल सिंह जादौन, भाजपा के नगर अध्यक्ष अमित पांडेय, सौरभ गुप्ता के साथ पहुंचे तथा मंडलायुक्त से मुलाकात करते हुए कालपी में अधूरी पड़ी बाईपास फोरलेन चौड़ीकरण परियोजना को पूरी कराने की मांग उठाई। इसी प्रकार नरेंद्र मोदी विचार मंच के प्रांतीय अध्यक्ष अशोक बाजपेई तथा अरविंद राठौर ने शमशान स्थल कालपी के रास्ते की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की।
सपा नेता कल्लू सिंह यादव ने किसानों की समस्या को लेकर प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। मीट कारोबारियों ने प्लास्टर हाउस को शुरू कराने की मांग पर अधिकारियों की पांच सदस्यीय टीम गठित कर दी गयी। मंडलायुक्त कुमुदलता श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस को लेकर मुख्यमंत्री काफी गंभीर है। इसलिए सभी जिम्मेदार अफसर प्रार्थना पत्रों को संज्ञान में लेकर मौके पर जाकर गुणवत्ता पूर्वक निस्तारण करें। इसमें किसी भी प्रकार की हीला-हवाली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने एक बार फिर हिदायत देते हुए कहा कि गांव स्तर पर बरासत के मामलों का निस्तारण करे। मंडलायुक्त ने हदबंदी तथा समाज कल्याण विभाग की योजनाओं के प्रति अफसरों को गंभीर रहने की हिदायत दी। झांसी मंडल की अपर आयुक्त उर्मिला सोनकर खाबरी ने कहां कि श्रावस्ती मॉडल के मुताबिक 31 मार्च तक सरकारी जमीनों से अवैध कब्जे गांव- गांव से हटाया जाये। डीआईजी झांसी जवाहर ने विभागीय थानेदारों तथा अफसरों को निर्देश दिए कि अपने क्षेत्रों में शांति एवं कानून व्यवस्था प्राथमिकता से कायम रखें। जरूरत पड़ने पर सभी सरकारी विभागों के जिम्मेदार अफसरों का समय-समय पर सहयोग प्रदान करें। इस मौके पर कमियां पाए जाने पर नाका गांव के लेखपाल के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश अपर आयुक्त द्वारा किए गए।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह, जिला वन अधिकारी बीएल अहिरवार, उप जिलाधिकारी सतीश चंद्र, डिप्टी एसपी सुबोध गौतम, तहसीलदार सालिकराम, नायब तहसीलदार हर प्रसाद, विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता रणवीर सिंह, उपखंड अधिकारी अजय कुमार, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी सुशील कुमार, जल संस्थान के अवर अभियंता सभापति सिंह यादव, कालपी कोतवाली के प्रभारी विक्रम सिंह, आटा थानाध्यक्ष आनंद सिंह, कदौरा थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार उपाध्याय, चुर्खी थाना प्रभारी निरीक्षक रुद्र कुमार सिंह समेत सभी विभागों के जिम्मेदार अफसर मौजूद रहे।







Leave a comment