उरई। महिला काउंसलर ने वरिष्ठ चिकित्सक पर गंभीर आरोप लगाए है तो चिकित्सक ने इन आरोपों को खारिज करते हुए किसी भी तरह की जांच का सामना करने की बात कही है।

जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में जिला अस्पताल उरई में एनसीडी काउंसलर ने आरोप लगाया है कि नेत्र चिकित्सक डा. अशोक चंद्रा उसकी फोटो व्हाटसएप प्रोफाइल से निकालकर अपने प्रोफाइल में लगाकर अत्यन्त अश्लील स्टेटस लिखते है जिसकी शिकायत तीन फरवरी 18 को उसने महिला हेल्पलाइन पर की थी । चार फरवरी को कोतवाली उरई में भी महिला हेल्पलाइन की शिकायत की जानकारी दी गई लेकिन कोई कार्रवाई नही की गई। महिला ने आरोप लगाया कि ऐसा लगता है कि डा. अशोक चंद्रा ने अपने पैसे एवं रूतवे का फायदा उठाकर उस शिकायत को दबवा दिया है । महिला काउंसलर ने चिकित्सक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक डा. अशोक चंद्रा का कहना था कि जिला अस्पताल उरई में संविदा पर तैनात कर्मचारियों के लापरवाह रवैये एवं मरीजों की शिकायतों को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक द्वारा उन्हें निरीक्षण की जिम्मेदारी सौपी गई थी। निरीक्षण के दौरान आधा दर्जन से अधिक संविदा कर्मचारियों से स्पष्टीकरण  की आख्या सीएमएस को भेजी थी। तभी से उक्त महिला कर्मचारी के द्वारा इस तरह के आरोप लगाए जा रहे है और जिस नंबर पर व्हाटसएप चलाने की बात कर रही है वह नंबर उनका काफी समय से नही चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला काउंसलर के द्वारा लगाए जा रहे आरोप उसके लापरवाह रवैये के प्रति की गई सख्ती का परिणाम है। फिर भी वह किसी भी जांच का सामना करने को तैयार है।

Leave a comment