उरई। बीती रात उरई कोतवाली क्षेत्र के बड़ागांव के समीप हुये भीषण हादसे में कोंच इलाके के दो किसानों की दुखद मौत हो गई है। हाईवे पर ट्रैक्टर खराब हो जाने के कारण उसे सुधारने में लगे थे। इसी बीच एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे ट्रैक्टर उन दोनों के ऊपर ही पलट गया।
मिली जानकारी के मुताबिक उरई-झांसी नेशनल हाइवे पर बड़ागांव के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी जिससे जैक पर खड़ा ट्रैक्टर पलट गया। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों मृतक कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चांदनी के निवासी हैं। हादसे में एक के घायल होने की भी खबर है। जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बताते चलें कि कोंच थाना क्षेत्र के ग्राम चांदनी निवासी देवेन्द्र निरंजन 32 पुत्र प्रताप निरंजन एवं रामसनेही 50 पुत्र पंचम तथा गुड्डू अहिरवार उरई भूसा डालने गये थे और रविवार देर रात को ट्रैक्टर से अपने गांव चांदनी की ओर लौट रहे थे। उरई से अभी कुछ ही किमी निकल पाये थे कि हाइवे पर बड़ागांव के पास उनका ट्रैक्टर पंचर हो गया। ट्रैक्टर को सड़क के किनारे खड़ा कर पंचर सुधरवा रहे थे तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी जिससे ट्रैक्टर पलट गया और देवेन्द्र व रामसनेही की उसके नीचे दब कर मौत हो गयी जबकि गुड्डू बुरी तरह घायल हो गया।







Leave a comment