उरई। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा गुरुवार को जारी तबादलों की सूची में उपजिलाधिकारी उरई अक्षय त्रिपाठी को फैजाबाद को मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। गौरतलब है कि अक्षय त्रिपाठी आईएएस अधिकारी हैं और यहां उनकी संयुक्त मजिस्ट्रेट के रूप में तैनाती थी। उनकी पदोन्नति दो माह पहले ही हो चुकी थी लेकिन पोस्टिंग आज दी गई है।
अपने बैच में सारे देश में चैथी रैंक हासिल करने वाले अक्षय त्रिपाठी का एसडीएम के रूप में यहां की तैनाती का कार्यकाल शानदार रहा है। जिसमें विधानसभा चुनाव सहित कई चुनाव देखने का उनको मौका मिला। चुनौतीपूर्ण दायित्वों के निर्वाह में उन्होंने निष्पक्ष और सक्षम अधिकारी की इमेज बनाई।
स्थानांतरण की इस लंबी सूची में मुख्य रूप से पदोन्नत और केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे अधिकारियों को समायोजित किया गया है। सबसे महत्वपूर्ण तबादला अलीगढ़ के मंडायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा का है। जिनको कानपुर के मंडालयुक्त के रूप में नई तैनाती दी गई है। उनके स्थान पर बहराइच के जिलाधिकारी अजय दीप सिंह को मंडलायुक्त अलीगढ़ बनाया गया है।
उधर प्रतीक्षारत माला श्रीवास्तव बहराइच में जिलाधिकारी नियुक्त की गईं हैं। सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार को कानपुर में श्रमायुक्त बनाया गया है। व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास तथा प्राविधिक शिक्षा के प्रमुख सचिव भुवनेश कुमार को सचिव सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। वित्त सचिव महेंद्र प्रसाद अग्रवाल को सचिव अवस्थापना एवं आद्यौगिक विकास विभाग, निदेशक पिकप और मुख्य कार्यपालक अधिकारी लीडा के पद पर स्थानांतरित किया गया है। जबकि अभी तक यह जिम्मेदारी देख रहीं अलखनंदा वित्त सचिव बनाई गईं हैं। अपर गन्ना आयुक्त नागेंद्र प्रसाद सिंह को विशेष सचिव ग्राम्य विकास विभाग के बतौर स्थानांतरित कर दिया गया है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की निदेशक मिनिष्टी एस. को विशेष सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग बनाया गया है।
बेसिक शिक्षा के विशेष सचिव एस. राजलिंगम को उनके स्थान पर आजीविका मिशन का निदेशक बनाया गया है। बिजनौर के अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सुरेंद्र राम बेसिक शिक्षा के विशेष सचिव बनाये गये हैं। प्रतिनियुक्ति से वापस लौटीं चर्चित आईएएस अधिकारी बी. चंद्रकला को विशेष सचिव माध्यमिक शिक्षा के रूप में तैनात किया गया है। अपर आयुक्त मेरठ राधेश्याम मिश्रा आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बनाये गये हैं। अंबेडकर नगर के मुख्य विकास अधिकारी ओमप्रकाश आर्य अपर आबकारी आयुक्त के रूप में स्थानांतरित किये गये हैं। खाद्य एवं रसद विभाग के अपर आयुक्त श्यामसुंदर शर्मा को राजस्व परिषद इलाहाबाद में सदस्य न्यायिक के पद पर स्थानांतरित किया गया है। संस्कृति विभाग के विशेष सचिव हीरालाल लघु उद्योग निगम कानपुर में प्रबंध निदेशक बनाये गये हैं। कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा के विशेष सचिव ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी विशेष सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास बनाये गये हैं। अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास के विशेष सचिव नरेंद्र सिंह पटेल को रेशम विकास विभाग में विशेष सचिव बनाकर भेजा गया है। मुजफ्फरनगर के मुख्य विकास अधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल विशेष सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास बनाये गये हैं। गौंडा की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अर्चना वर्मा को मुख्य विकास अधिकारी मुजफ्फरनगर बनाया गया है।
कानपुर नगर के मुख्य विकास अधिकारी अवस्थापना और औद्योगिक विकास विभाग में विशेष सचिव बनाये गये हैं। कानपुर नगर के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिषेक आनंद को कानपुर नगर में ही मुख्य विकास अधिकारी के पद पर तैनात किया गया है। फैजाबाद के मुख्य विकास अधिकारी रवीश गुप्ता विशेष सचिव सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग बनाये गये हैं।







Leave a comment