उरई। रामपुरा क्षेत्र में ऊमरी से गत 28 फरवरी को चोरी किया गया ट्रैक्टर पुलिस ने बरामद कर लिया है। दो लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है।
मालूम रहे कि रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम छौना निवासी राहुल कुशवाहा ऊमरी में बस स्टैण्ड के पास बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान चलाते हैं। वे अपनी दुकान के सामने अपना ट्रैक्टर खड़ा करते थे। गत 28 फरवरी को उनका ट्रैक्टर मय ट्राली के चोरी हो गया।
इस बीच गोहन थाना अंतर्गत श्रीमंत डीजल विक्रेता की दुकान में भी चोरी कर ली गई। जिसकी जांच के क्रम में गोहन के थानाध्यक्ष सतीश कुमार ने अजय निवासी रहावली को गिरफ्तार कर लिया। उसने ट्रैक्टर चोरी में अपना हाथ स्वीकार किया और उसकी निशानदेही पर सतीश कुमार ने थानाध्यक्ष रामपुरा लाखन सिंह यादव और ऊमरी चैकी इंचार्ज दिनेश गिरि के साथ मुरैना मध्य प्रदेश की गल्ला मंडी से उक्त ट्रैक्टर बरामद कर लिया जिसमें सरसों भरी हुई थी। उस समय ट्रैक्टर पर सोनू निवासी नंदोल का पुरा थाना अंबा जिला मुरैना मौजूद था। उसे भी गिरफ्तार किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी ने पत्रकार वार्ता में यह जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में तीन और आरोपियों के नाम सामने आये हैं जिसमें सचिन निवासी रहावली, भगवती निवासी कुठरौली थाना मेहगांव और रामहेत निवासी बंगरौली थाना रिठौरा जिला मुरैना शामिल हैं। गिरफ्तारी के लिए इनकी तलाश की जा रही है।

Leave a comment