उरई। कदौरा थाना क्षेत्र के रोगी गांव में एक महिला की नशे के आदी उसके पति ने पीट-पीट कर हत्या कर दी और फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि मृतका के मायके वालों को बुलवा लिया गया है लेकिन अभी तक किसी ने कोई तहरीर नही दी है। कार्रवाई के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है।
उक्त ग्राम निवासी करन सिंह कुशवाहा शराब और गांजा पीने का आदी है जबकि कोई काम नही करता। उसकी चार संतानों में दो लड़के गुजरात में रहकर मजदूरी करते हैं। इसके अलावा उसकी पत्नी लीलावती (40वर्ष) भी मजदूरी करती थी जिससे घर का खर्चा चलता था।
इसके बावजूद करन सिंह नशे के लिए लीलावती की मारपीट करके उसके पैसे छीन लेता था। शुक्रवार को वह देर रात तक पड़ोस में टीवी देखता रहा। इसके बाद घर लौटा तो उसकी आदतों को लेकर लीलावती ने ताना मारा। जिस पर वह लीलावती की पिटाई करने लगा। इस दौरान लीलावती अचेत होकर जब गिर पड़ी तो घबराकर वह लीलावती को रात में ही अस्पताल ले गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह देख घबराया करन सिंह लीलावती का शव अस्पताल से वापस ले आया और घर में रखने के बाद रफूचक्कर हो गया। सुबह जब उसका सात वर्ष का सबसे छोटा बेटा जागा तो उसने पड़ोसियों को जानकारी दी। पड़ोसियों की सूचना पर कदौरा के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार उपाध्याय मौके पर आ गये। उन्होंने मृतका के मायके चंदौल थाना भरुआ सुमेरपुर जिला हमीरपुर में फोन कर दिया। बाद में मायके वाले भी पहुंच गये। उनके सामने शव को सील कराकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार उपाध्याय का कहना है कि मायके वालों ने अभी तक करन सिंह के खिलाफ कोई रिपोर्ट नही लिखाई।

Leave a comment