जालौन-उरई । उपचार के दौरान नगर के क्लीनिक पर ढाई वर्षीय बालक की मौत के मामले में मृतक के पिता ने चिकित्सक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दे  दी है वहीं पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार  कर रही है।

अजीम मोहम्मद पुत्र अली हसन निवासी ग्राम शहजादपुरा ने कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि वह अपनी पत्नी तथा बच्चे के साथ ससुराल ग्राम जगनेवा आए थे। तभी शनिवार की शाम उसके पुत्र अयान ढाई वर्ष को पेट में दर्द होने लगा । वे आनन फानन  बच्चे को लेकर जालौन में  डॉक्टर सीताराम गुप्ता के क्लीनिक पर पहुँचे । डॉक्टर सीताराम ने बच्चे को देखने के बाद उसे एक सिरप पिलाया जिसे पीते ही उसके मुंह से  झाग निकालने लगा । कुछ ही देर में वह बेसुध हो गया ।

इसी बीच डॉक्टर के बेटे उनके सहयोगी राजीव व सुनील ने सिरप तथा पर्चा खींच लिया । ,वह बच्चे को ले कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दौड़ा जहां चिकित्सकों ने देखते ही उसे  मृत घोषित कर दिया । ध्यान रहे कि कल इसे ले कर मृत बच्चे के  परिजनों ने रात में क्लीनिक पर काफी बवाल मचाया था ।

मौके पर पुलिस ने जाकर उन्हे शांत किया तथा शव का पंचनामा भरवा  कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया । समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हुआ  था । डॉक्टर सीताराम का कहना है कि बच्चे ने उपचार के पहले ही दम तोड़ दिया था । जब इस संदर्भ में कोतवाल विनोद मिश्रा से बात की गई तो उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी ।

Leave a comment