उरई। खेत से लौट रही किशोरी की गांव के ही ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। बाद में किशोरी के आक्रोशित परिजनों व अन्य ग्रामीणों ने रोड जाम कर दिया। पुलिस को जाम खुलवाने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ी।
बुधवार को दोपहर में सिरसाकलार के कुंवर सिंह की 14 वर्षीया बेटी साक्षी खेत से लौट रही थी। तभी गांव का ही मान सिंह कच्चे रास्ते पर ट्रैक्टर चलाता हुआ निकला। इस दौरान उसका ट्रैक्टर असंतुलित हो गया और उसका पहिया साक्षी के ऊपर से निकल गया जिससे मौके पर ही उसकी जान चली गई।
हालांकि मान सिंह को तत्काल ही पकड़ लिया गया था लेकिन इसके बावजूद घटना के कुछ देर बाद उसके परिजन व अन्य लोग गुस्से में सड़क पर आ गये और मुआवजे की मांग करते हुए धरना देने लगे। जिससे जोल्हूपुर-मदारीपुर मार्ग जाम हो गया। खबर पाकर सिरसाकलार थाने के उपनिरीक्षक अरुण कुमार तिवारी मौके पर पहुंच गये। उन्होंने लोगों को काफी देर तक समझाया तब कहीं जाकर लोग जाम हटाने के लिए तैयार हुए। पुलिस ने किशोरी का शव सील कर आनन-फानन पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।







Leave a comment