उरई। रामपुरा थाना अंतर्गत जगम्मनपुर के पास करनखेरा मंदिर क्षेत्र में कुटिया बनाकर साधना कर रहे एक साधु पर मंगलवार को कुछ लोगों ने हमला कर दिया। वे लोग साधु को गुफा में बनी उसकी कुटिया से खींचकर उसके साथ कोई अनहोनी करना चाहते थे लेकिन साधु ने भागकर किसी तरह जान बचाई।
जगम्मनपुर के समीप करनखेरा के प्रसिद्ध मंदिर के वीराने में बने प्राचीन महल में सुरंग है। जिसके अंदर रहकर उक्त साधु कई दिन से साधना कर रहा था। साधु ने मौन व्रत की प्रतिज्ञा ले रखी है। मंगलवार को दोपहर लगभग 2 बजे जुही का थाना अयाना जिला औरैया निवासी शिकारी सिंह दो लोगों के साथ उसकी कुटिया में घुस आया और साधु को खींचकर बाहर निकालने की कोशिश करने लगा। साधु किसी तरह उनसे अपना प्राण छुटाकर कटीली झाड़ियों व पथरीले रास्ते से भागता हुआ एक किसान के नलकूंप पर पहुंचा। मौन साधना के कारण वह चिल्ला भी नही पा रहा था। बाद में लोगों को पता चला तो आज कई लोग उनके पास पहुंचे जिनमें भाजपा नेता विजय द्विवेदी, ग्राम प्रधान राहुल मिश्रा, पूर्व प्रधान सत्येंद्र सिंह चंदेल, नन्हें सेंगर आदि थे। बाबा ने स्लेट पर लिखकर उन्हें अपने साथ हुई घटना की पूरी बात बताई। लोगों में आक्रोश जाहिर करते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

Leave a comment