उरई। घरेलू हिंसा से पीड़ित महिला ने पति के खिलाफ पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है। महिला का कहना है कि उसका शराबी पति अपने नशे की पूर्ति के लिए पैतृक जमीन बेंच रहा है जबकि उसके दो पुत्र हैं। जिनका भरण-पोषण करना उसके लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा है।
थाना कुठौंद के ग्राम पतराही के निवासी धर्मेद्र सिंह की पत्नी राधा देवी ने पुलिस अधीक्षक को दिये पत्र में बताया कि उसके पिता राजेंद्र सिंह निवासी बबीना थाना कदौरा ने कई वर्ष पहले उसका विवाह धर्मेंद्र सिंह के साथ किया था। जिससे उसके दो संताने मनमोहन (12वर्ष) व अरुण (9वर्ष) है।
धर्मेंद्र सिंह शराब पीने का लती है और नशे में रोजाना हुड़दंग करता है। अपमान और पिटाई से परेशान होकर वह दोनों बच्चों को साथ लेकर अपने मायके बबीना में रहने लगी। इस बीच धर्मेंद्र सिंह ने अपनी पैतृक जमीन का एक हिस्सा मुन्नी देवी पत्नी सुरेश सिंह को बेंच दिया। उसके पिता राजेंद्र सिंह की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नही है। इसलिए उसे खतरा है कि अगर उसके पति धर्मेंद्र सिंह ने सारी जमीन इसी तरह बेंच डाली तो उसके बच्चों के भविष्य का क्या होगा। उसने पुलिस अधीक्षक से ऐसी हालत में धर्मेंद्र सिंह के खिलाफ कार्रवाई करने और उसके द्वारा जमीन की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की।







Leave a comment