उरई। पंचायती राज दिवस पर ग्राम स्वराज अभियान के तहत भारत सरकार के ग्राम विकास विभाग के सचिव मंजीत सिंह ने मंगलवार को कदौरा विकास खंड के सर्वाधिक अनुसूचित बाहुल्य बरखेरा गांव में चैपाल लगाकर केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया।
इस दौरान सचिव मंजीत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनने वाले मकान तब तक कंपलीट नही माने जायेगें जब तक उनमें शौचालय का निर्माण न हो। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत लाभार्थी का बिजली कनेक्शन न हो। प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना के तहत गैस कनेक्शन न हो। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत लाभार्थी को बीमित न किया जाये। इसके अलावा लाभार्थी का जनधन खाता भी खुलवाया जाना चाहिए।
इस अवसर पर सचिव ने स्टार्टअप और मृदा योजना की जानकारी भी ग्रामीणों को दी। साथ ही वृद्धावस्था पेंशन व निराश्रित महिला पेंशन की आनलाइन प्रक्रिया को भी समझाया। उन्होंने बताया कि 5 मई तक उक्त सभी योजनाओं और मिशन इंद्रधनुष के तहत पूरे बरखेरा गांव को संतृप्त किया जाना है। लोगों ने सचिव से चैपाल में शिकायत की कि गांव में पेयजल का भीषण संकट है। पूरे गांव में मात्र एक हैण्डपंप चालू है। पाइप लाइन से भी सप्लाई होती है लेकिन इससे कीचड़ युक्त पानी घरों में पहुंचता है। इस पर सचिव मंजीत सिंह ने खंड विकास अधिकारी अजितेष सिंह से पूंछतांछ की। उन्होंने बताया कि गांव में हैण्डपंप रीबोर कराने के लिए सूची जलनिगम को भेजी जा चुकी है। इस दौरान प्रधान सुशीला देवी और सहायक विकास अधिकारी पंचायत संतोष उपस्थित रहे।
जालौन ब्लाक में ग्राम अलाईपुरा में तहसीलदार जितेंद्र पाल सिंह ने ग्राम स्वरोजगार योजना के तहत चैपाल का आयोजन किया। कानूनगो नारायण दास, लेखपाल दयाशंकर, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अनिरुद्ध सिंह, सचिव जयपाल सिंह, एएनएम रजनी निगम उपस्थित रहीं। ग्रामीणों ने बीडीओ अजितेष सिंह और एडीओ संतोष बाबू गौतम पर अपात्रों को आवास दिलाने और एक महिला से सुविधा शुल्क मांगने की शिकायत की। इस दौरान सभी विभागों और बैंक के स्टाल भी लगाये गये थे।
कुठौंद में दौन में स्वराज अभियान के अंतर्गत कैंप लगाया गया। जिसमें बैंक मैनेजर आशुतोष मलहोत्रा ने बीमा योजना के बारे में बताया। लगभग 35 लोगों ने इस दौरान बीमा कराये। ग्राम प्रधान कांति देवी, धीरज सिंह, वीर सिंह, लाल सिंह, वीरेंद्र सिंह, मंजू देवी आदि लोग उपस्थित रहे। कुठौंद पीपरी गहरवार, नाहिली, गोरा, सुरावली, ईंटों, शेखपुर अहीर, बावली, नैनापुर, शंकरपुर, मदारीपुर, हदरुख, मड़ोरा, सिरसाकलार, पीपरी अठगइयां, गिगौरा, जखा, बिचैली व कैथवां में भी पंचायती राज दिवस का आयोजन किया गया।







Leave a comment