उरई। रामपुरा पुलिस ने पिछले दिनों युवती की हत्या कर लाश को गड्ढे में फेंकने के मामला का पर्दाफाश कर दिया है |  हत्या में शामिल युवती के  रिश्ते के मामा सहित एक अन्य युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 13 अप्रैल 2018 को थाना रामपुरा क्षेत्र अंतर्गत मढेपुरा गांव के पास नाले में एक अज्ञात लड़की की लाश पड़ी मिली थी जिसकी पहचान नीरजा कुमारी उर्फ बउआ पुत्री लालाराम निवासी ग्राम शिवगंज थाना रामपुरा के रूप में हुई थी । नीरजा 11 अप्रैल को अपने घर से कॉलेज के लिए जाने की कहकर जगम्मनपुर गई थी जिस के संबंध में लाला राम पुत्र हीरालाल निवासी ग्राम शिवगंज थाना रामपुरा द्वारा दी गई तहरीर पर पुलिस ने धारा 302 आईपीसी के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर लिया था  ।

विवेचना के दौरान लक्ष्मण सिंह पुत्र राम बहादुर सिंह निवासी गोहनी थाना अमराहट जनपद कानपुर देहात व अजय निषाद उर्फ हरदयाल पुत्र दीनानाथ निवासी ग्राम चिनकुनी थाना अछल्दा जनपद औरैया के नाम प्रकाश में आए । पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों  को पचनदा पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया । आरोपियों से पूछताछ में यह बात सामने आई कि लक्ष्मण सिंह मृतक युवती का रिश्ते में मामा लगता है और शिवगंज में पढ़ाई के दौरान दोनों में प्रेम प्रसंग हो गया था लेकिन लक्ष्मण सिंह के जाने के बाद नीरजा का प्रेम संबंध एक दूसरे युवक से हो गया जिससे लक्ष्मण सिंह बौखला गया और उसने अपने रिश्ते की भांजी नीरजा को मौत के घाट उतारने का मन बना लिया । वह अजीतमल में एक भट्टे पर काम करता था और वहीं से अपने एक साथी अजय निषाद उर्फ हरदयाल को साथ लेकर जगम्मनपुर आया और वहीं से नीरजा को मढेपुरा के जंगल में ले जाकर उसी के दुपट्टे से गला घोट कर उसकी हत्या कर दी। जबकि अजय निषाद को इस तरह की कोई जानकारी ही नहीं थी कि लक्ष्मणसिंह किसी की हत्या करने जा रहा है पुलिस ने मृतका  की  सिम, आला कत्ल दुपट्टा व मोबाइल बरामद कर लिया है । आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विश्वनाथ सिंह सिपाही गजेंद्र सिंह राहुल सिंह को  पुलिस अधीक्षक अमरेन्द्र प्रसाद सिंह ने पुरस्कृत करने की घोषणा की ।

Leave a comment