उरई। रेलवे की लापरवाही का उदाहरण सीट आरक्षण में सामने आया है। रेलवे ने वेटिंग टिकट को अगले दिन के लिए कन्फर्म करके शेखचिल्ली पन का नायाब नमूना पेश किया। जिससे यात्रियों को खड़े रहकर उरई से कानपुर तक यात्रा करनी पड़ी।
यात्री मो. मुही आजम ने रेल मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखकर बताया कि उन्होंने 20 अप्रैल 18 के लिए आईआरसीटीसी एप के माध्यम से टिकट बुक कराया था। पीएनआर संख्या-2607729694 मिली और वेटिंग 16वीं व 17वीं थी। जो बाद में कन्फर्म हो गईं। पीड़ित अपनी मां के साथ 29 अप्रैल को इंटर सिटी एक्सपे्रस के कोच नं. 6 पर सवार हुआ तो दर्शाई सीट पर पहले से ही यात्री बैठे थे।
पड़ताल में पाया गया कि 29 अप्रैल 18 के टिकट पर रेलवे ने 30 अप्रैल के लिए सीट आवंटित कर डाली थी। मुही आजम को मां के इलाज के लिए कानपुर पहुंचना जरूरी था। इसलिए खड़े होकर ही उन्हें कानपुर तक यात्रा करनी पड़ी। रेल मंत्री से पत्र में इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अमले के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।

Leave a comment