उरई। सिरसाकलार थाने के उपनिरीक्षक अरुण कुमार तिवारी को नदीगांव थानाध्यक्ष के रूप में स्थानांतरित होने पर थाना परिसर में जोरदार विदाई दी गई। इस अवसर पर सिरसाकलार के निवर्तमान प्रभारी निरीक्षक जाकिर हुसैन ने कहा कि अरुण तिवारी प्रोफेशनल, साहसी और कर्मठ व्यक्तित्व हैं। अपनी टीम में उन्हें सिरसाकलार क्षेत्र में अरुण तिवारी के सहयोग से अपराध नियंत्रण में शानदार कामयाबी मिली। उनके कार्य की वजह से ही जनपद के पुलिस कप्तान ने भी उन पर भरोसा जताया है।
क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक भी विदाई समारोह में उपस्थित रहे। सभी ने अपराध मुक्त व्यवस्था के लिए उनकी निष्ठा को सराहा और सिरसाकलार थाने में उनके प्रदर्शन को बेहतरीन करार दिया। अपने स्वागत के प्रत्युत्तर में अरुण तिवारी ने कहा कि वे सिरसाकलार में लोगों से मिले सहयोग और अपने प्रभारी निरीक्षक से मिले मार्गदर्शन के लिए उनके आभारी हैं। उन्होंने कहा कि स्थानांतरण के बाद भी उनका आत्मीय संबंध इस क्षेत्र के लोगों से बना रहेगा। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी में वे अपने पुलिस कप्तान की उम्मीदों पर खुद को खरा साबित करने में कोई कसर नही छोड़ेगें।
इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख क्षेत्रीय लोगों में जहटौली के प्रधान श्याम सिंह सेंगर, मलथुआ के प्रधान राजीव पांडेय, तरसौल के प्रधान धीरज, बब्लू सेंगर, मुलायम कठेरिया, राजेश सेंगर, रायपुर के प्रधान कन्हैया लाल और भारतीय जनता पार्टी के नेता बृजेंद्र सेंगर आदि शामिल रहे। सभी ने नदीगांव थानाध्यक्ष बनने पर अरुण कुमार तिवारी को बधाई दी।







Leave a comment