उरई। न्यायालय परिसर से पुलिस को चकमा देकर फरार हुए हत्यारोपी को एसटीएफ के सहयोग से उरई कोतवाली पुलिस की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। उक्त आरोपी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
उरई कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चकजगदेवपुर निवासी देवेंद्र यादव उर्फ दाऊ हत्या के एक मामले में जेल में बंद था। गत 28 फरवरी को उसे पेशी पर न्यायालय में लाया गया था। इस दौरान वह जिन पुलिस अधिकारियों की अभिरक्षा में था उन्हें चकमा देकर वह न्यायालय परिसर से फरार हो गया।
तब से देवेंद्र यादव दाऊ की तलाश जारी थी। कई सप्ताह तक उसका सुराग न मिलने पर उसकी गिरफ्तारी में मदद देने वाले को 15 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया। साथ ही इस मामले में एसटीएफ की टीम भी सहयोग के लिए जुटा दी गई।
एसटीएफ और उरई कोतवाली पुलिस के संयुक्त प्रयासों से देवेंद्र यादव आखिरकार कानून के हत्थे चढ़ ही गया। उसकी गिरफ्तारी से एक बड़ी सनसनी का अंत हो गया है।
इस गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ टीम से इंस्पेक्टर अनिल कुमार, एसआई श्रीषचंद्र, राकेश कुमार सिंह व टीम में शामिल आरक्षीगण और थाना कोतवाली की टीम में उप निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह, दामोदर सिंह व आरक्षी बृजेंद्र सिंह भदौरिया पुरस्कृत किये गये।

Leave a comment