
– उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग वित्त विकास निगम को सपा-बसपा सरकारों में नहीं मिलता था बजट
– निगम चेयरमैन बाबूराम निषाद ने कानपुर में की पिछड़े वर्गों के लिए योजनाओं की समीक्षा
कानपुर : प्रदेश में अब तक पिछड़ा वर्ग के विकास के नाम पर कोरी बयानबाजी हुई। पिछड़ी जातियों के आर्थिक व सामाजिक उत्थान के लिए सूबे की गत बसपा व सपा सरकारों ने कुछ नहीं किया है। आलम यह है कि पिछड़े वर्गों के लिए ढाई दशक पहले गठित संस्था को बजट देने में हीलाहवाली की गई और धन की बंदरबांट कर मात्र अपने लोगों को उपकृत किया गया।
यह बात उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग वित्त विकास निगम के चेयरमैन/राज्य मंत्री (दर्जा प्राप्त) बाबूराम निषाद ने कही। वे सोमवार शाम नगर में थे। उन्होंने सर्किट हाउस में निगम के तहत आने वाले पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि निगम का गठन 1991-92 में हुआ था। इसके तहत आर्थिक-सामाजिक रूप से पिछड़ी जातियों को विभिन्न योजनाओं के जरिए लोन आदि उपलब्ध कराया जाता है, ताकि उनका आर्थिक उत्थान हो सके। मगर पिछली बसपा-सपा सरकारों ने निगम पर कोई ध्यान नहीं दिया। बकौल बाबूराम निषाद, अधिकारियों के साथ समीक्षा में पता चला है कि कानपुर में विभिन्न योजनाओं के तहत पिछड़ा वर्ग के मात्र 216 लाभार्थियों को 83 लाख 69 हजार 430 रुपये जारी हुए। इसमें टर्म लोन योजना में 138 लाभार्थियों को 60 लाख 77 हजार 365 रुपये, स्वर्णिम योजना के तहत 6 लाभार्थियों को 2 लाख 36 हजार रुपये, शैक्षिक ऋण योजना के तहत 4 लाभार्थियों को छह लाख 22 हजार 250 रुपये, मार्जन मनी योजना के तहत 33 लाभार्थियों को छह लाख 54 हजार 835 रुपये और रिक्शा ठेला योजना के तहत 35 लाभार्थियों को एक लाख 78 हजार 938 रुपये मिले। हालांकि इसमें अभी तक धन रिकवरी मात्र लगभग 50 प्रतिशत ही हुई। प्रदेश भर में इन योजनाओं के तहत 71 करोड़ रुपये लाभार्थियों को जारी हुए, जबकि वसूली की स्थिति सिफर है। कुल मिलाकर पिछली सरकारों में निगम को पर्याप्त बजट नहीं दिया गया और जो अपर्याप्त धनराशि निर्गत हुई, उसमें भी बंदरबांट हुई।
बाबूराम निषाद ने बताया कि भाजपा सरकार में पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए धरातल पर कार्य किए जा रहे हैं। निगम को पर्याप्त बजट मिलेगा और सही व अधिकतम लाभार्थियों तक अनुदान पहुंचाया जाएगा। केंद्र सरकार की ‘स्टैंड अप’, ‘स्टार्ट अप’ तथा ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रॉडक्ट’ योजनाओं के तहत भी निगम 54 प्रतिशत अति पिछड़े व गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाली आबादी का उत्थान करेगा। इसके पूर्व भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाबूराम निषाद का स्वागत किया। इसमें भाजयुमो नेता पारस जैन, अरुण कुमार मिश्रा ‘ओम’, रूपेश तिवारी एडवोकेट आदि शामिल रहे।






Leave a comment