कोंच-उरई । मई माह के दूसरा संपूर्ण समाधान दिवस पानी संकट के नाम रहा, आने बाली शिकायतों में सीवर समस्या, बिगड़े हैंडपंप और जल संस्थान की दूषित वाटर सप्लाई की मुख्य मुद्दा रहे। उपजिलाधिकारी सुरेश सोनी ने जल संस्थान के पेंच कसते हुये कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुये वाटर सप्लाई में जो भी दिक्कतें हैं उन्हें तत्काल दूर करें और खराब हैंडपंपों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वेसमस्याओं की गंभीरता को समझें और उनका समुचित निराकरण करें। उन्होंने शिक्षा विभाग को भी लंबा करते हुये कहा कि अधिकांश स्कूलों में अतिक्रमण की समस्या है जिस पर अधिकारी कान नहीं दे रहे हैं, बीईओ ऐसे विद्यालय चिन्हित कर अविलंब वहां से अतिक्रमण हटवायें। पिछले संपूर्ण समाधान दिवसों की लंबित पड़ी 13 समस्याओं को लेकर भी उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को फटकार लगाते हुये तत्काल उनका निस्तारण करने की ताकीद की।
एसडीएम सुरेश सोनी की अध्यक्षता, सीओ संदीप वर्मा और तहसीलदार भूपाल सिंह की मौजूदगी में निपटे संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 41 प्रार्थना पत्र आये जिनमें 3 का भी मौके पर निस्तारण कर दिया गया। शिवराजसिंह निवासी कुदरा खुर्द ने दबंगों द्वारा खलिहान और तालाब की भूमि पर बलात् कब्जा कर लिये जाने की शिकायत की। ईश्वरदयाल निवासी पीपरी कलां ने सार्वजनिक रास्ते पर हो गये अतिक्रमण हटवाने की गुहार लगाई। देवसिंह निवासी नया पटेल नगर कोंच ने उसकी बेटी डोली को ससुरालीजनों द्वारा दहेज के लिये प्रताडि़त करने की शिकायत की। इस दौरान बीईओ कोंच अजितकुमार, बीईओ नदीगांव विजयबहादुर सचान, कोतवाली कोंच के एसएसआई दिलीप वर्मा, थाना एट से दरोगा सत्येन्द्रकुमार, जेई विद्युत मोहनकृष्ण, नपा से अभयसिंह, मंडी समिति से रविकुमार, एडीओ नरेश दुवे, वन रेंजर बीके सिंह आदि मौजूद रहे।
इंसेट में-
कार्यवाही का खौफ नहीं गैरहाजिर अधिकारियों में
कोंच। जनता की समस्याओं को सुनने और उनका निराकरण करने के लिये सरकार संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन करती है लेकिन अधिकारी कितने गंभीर हैं इनके प्रति इसकी बानगी गैरहाजिर अधिकारियों की संख्या से बखूबी जानी जा सकती है। आज के संपूर्ण समाधान दिवस में स्वास्थ्य विभाग नदीगांव और कोंच, जल निगम नदीगांव, चकबंदी विभाग, जिला विद्यालय निरीक्षक आदि विभागों के अधिकारी आयोजन में आये ही नहीं जिन्हें लेकर एसडीएम ने चेतावनी दी है कि ऐसे अधिकारियों के खिलाफ जिलाधिकारी को लिखा जा रहा है।
इंसेट में-
लोनिवि की जमीन कब्जिया ली, जेई को पता ही नहीं
कोंच। मंगलवार को तहसील दिवस में एक मामला पीडब्ल्यूडी की जमीन पर बलात् कब्जा करके दुकानों का निर्माण करा लेने का भी आया, आश्चर्यजनक यह है कि विभागीय अवर अभियंता ने इस बात से अनभिज्ञता जताई है। ग्रामीणों द्वारा की गई इस शिकायत पर एसडीएम ने जेई को लंबा करते हुये कहा कि देवगांव में लोनिवि विभाग की जमीन पर कब्जा कर दुकानें तक बनवा डालीं और उन्हें पता ही नहीं है? बहरहाल, एसडीएम सुरेश सोनी ने मामले की जांच के आदेश दिये हैं और तब तक के लिये लेखपाल से कह कर काम बंद करा दिया है।






Leave a comment