जगम्मनपुर-उरई। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कई जिलों और दो प्रांतों को जोड़ने वाली सड़क के उखड़ने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
माधौगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम जगम्मनपुर में बाजार के मध्य से अंबेडकर नगर होते हुए इटावा, औरैया, कानपुर, आगरा, दिल्ली, ग्वालियर आदि के लिए मुख्य सड़कें हैं। जिन पर पूरे दिन वाहन गुजरते हैं। भिण्ड-इटावा रोड के चंबल का पुल खराब हो जाने के बाद से इस रोड पर यातायात कई गुना बढ़ गया है। दूसरी ओर जगम्मनपुर बाजार में गैस्ट हाउस व शराब ठेका के सामने तथा अंबेडकर नगर में ढाल पर पहले से जर्जर सड़क इतनी ज्यादा खराब हो गई है कि वाहन निकालने वाले चालक को दिन में तारे नजर आ जाते हैं। यही कारण है कि किसी अनहोनी की आशंका से ग्रामीण भी हमेशा सशंकित रहते हैं।
ज्ञात हो यह सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत गत वर्ष ही निर्मित की गई थी। जिसके दौरान ठेकेदार ने तीन माह रास्ता जाम रखकर मनमर्जी से सड़क का निर्माण किया था। सड़क का निर्माण मानक विरुद्ध होने की शिकायतें लोगों ने जिलाधिकारी से लेकर लोक निर्माण विभाग के उच्च पदस्थ अभियंताओं तक से की। लेकिन कमीशन के चक्कर में कोई कार्रवाई करने की बजाय चिकनी-चुपड़ी बातें करके जिम्मेदार जनता को बहलाते रहे। परिणाम स्वरूप जितने दिन सड़क निर्माण में लगे उतने से कम दिनों में ही सड़क उखड़ गई। गेस्ट हाउस के सामने एवं देशी शराब के ठेके के सामने सीसी रोड पूरी तरह बैठ गया है। इसमें जगह-जगह सरिया निकलने से स्थिति और अधिक खराब हो गई है। वहीं अंबेडकर नगर के पास ढाल पर एक से दो फुट तक की गहरे गडढे हो जाने के कारण वाहन झूले की तरह झूलते हुए बड़ी मुश्किल से निकल पाते हैं।
जब इसकी शिकायत भाजपा नेता विजय द्विवेदी ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर की तो लोनिवि के अवर अभियंता प्रमोद कुमार ने उन्हें फोन किया था और समस्या के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया था। लेकिन हालत सुधारने के कोई प्रयास नही हुए। सम्भवतः लोक निर्माण विभाग को कार्रवाई के लिए कोई बड़ा हादसा होने का इंतजार बना हुआ है।

Leave a comment