उरई। अवकाश के दिन चोरी से समर्थन मूल्य पर की जा रही गेंहूं खरीद को रंगे हाथों पकड़ लिया गया जिसके बाद केंद्र प्रभारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई से खरीद केंद्र प्रभारियों में हड़कंप मच गया है।
कई खरीद केंद्रों पर व्यापारियों से सांठ-गांठ करके अवकाश के दिनों में और रात के अंधेरे में गेंहूं की तौल का खेल चल रहा है। पहले आओ पहले तुलाओ के निर्देश को दरकिनार कर केंद्र प्रभारी अपनी मर्जी से गेंहूं खरीद कर रहे हैं। आरोप है कि जो पैसा ज्यादा देता है उसी का गेंहूं केंद्र प्रभारी पहले खरीद लेते हैं। पैसा न देने पर माल लेकर आने वाले किसान को बैरंग वापस कर दिया जाता है।
इन शिकायतों की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने जालौन के उप जिलाधिकारी भैरपाल सिंह को कार्रवाई के निर्देश दिये। उन्होंने रविवार को अपने क्षेत्र में मंडी में संचालित सहकारी समिति गढ़गुवां के क्रय केंद्र पर अचानक दबिश दी और अवकाश के दिन हो रही गेंहूं की खरीद को रंगे हाथों पकड़ लिया।
दबिश के समय केंद्र प्रभारी गायब था। उसका एक सहायक रविंद्र पटेल खरीद कर रहा था। लेकिन उप जिलाधिकारी द्वारा की गई पूंछतांछ के दौरान वह भी चकमा देकर फरार हो गया। अंततोगत्वा उप जिलाधिकारी ने मंडी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश शुक्ला के जरिये गढ़गुवां के क्रय केंद्र प्रभारी बलराम पाल के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज करा दिया।

Leave a comment