उरई। उत्तर प्रदेश में दो दर्जन से ज्यादा भाजपा विधायकों को व्हाटसएप मैसेज से रंगदारी वसूली के लिए खतरनारक धमकी दी गई है। इस कड़ी में बुधवार को कालपी के भाजपा विधायक नरेंद्र पाल सिंह जादौन का नाम भी जुड़ गया। उन्होंने दुबई के नंबर से बुदेश भाई नामक शख्स द्वारा उनके व्हाटसएप पर 10 लाख रुपये की मांग की गई है। जिसे तीन दिन में पूरा न करने पर उनके परिवार के एक-एक सदस्य की क्रम से हत्या की चेतावनी भी मैसेज में लिखी गई है। विधायक ने कालपी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुधाकर मिश्र को लिखित में इस धमकी की सूचना दी। जिसके बाद विधायक और उनके परिजनों की सुरक्षा कड़ी कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
उत्तर प्रदेश में अपराधियों से पुलिस द्वारा मुठभेड़ों को मोर्चा खोल दिया गया है। जिसके बाद पुलिस की नई हनक कायम हुई है। इसे भेदने के लिए विधायकों को रंगदारी वसूली का मैसेज व्हाटसएप पर भेजने का सिल-सिलेवार अभियान छेड़ दिया गया है।
कालपी की विधायक के परिवार में आज उक्त मैसेज के कारण दहशत का माहौल रहा। पूरे जिले में यह मैसेज चर्चा का विषय बन गया है। जिसे लेकर सनसनी फैली हुई है। पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह के हवाले से बताया गया है कि धमकी के मैसेज की जांच के लिए सर्विलांस सैल की भी सहायता ली जा रही है। विधायक और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Leave a comment