उरई। सारा जमाना हाईटैक हो गया है लेकिन खुद पैदाइशी हाईटैक विभाग बाबा आदम के जमाने से नही उबर पा रहे। बिजली विभाग इसका उदाहरण है। जिसकी कछुवा चाल की वजह से कालपी में पिछले 24 घंटों से लोगों को बिजली, पानी के संकट का सामना करना पड़ रहा है।
मंगलवार को देर रात एक ट्रक जोल्हूपुर मोड़ के पास हाईटेंशन फोरपोल से टकरा गया। गनीमत यह रही कि लाइन इसके कारण नीचे नही गिर पाई। लेकिन पोल गिर जाने से आपूर्ति भंग हो गई। बिजली विभाग को व्यवस्था सुचारू बनाये रखने के लिए आपात दस्ते तैयार रखने चाहिए लेकिन हालत यह थी कि दोपहर तक विभाग हाथ पर हाथ धरे बैठा रहा। इसके बाद एनएचआई की मदद लेकर गिटटी भरा ट्रक अनलोड करके खिचवाया गया और मरम्मत का काम शुरू हुआ। इस बीच लोगों को न तो बिजली मिली न पानी मिला। इसके कारण भीषण गर्मी में हाहाकार मचा रहा।
घटना के बाद ट्रक चालक भाग निकला था। कोतवाली में इसे लेकर मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। बिजली विभाग के सूत्रों का कहना है कि शाम तक आपूर्ति बहाल हो जाने की उम्मीद है।







Leave a comment